ब्रेकिंग : वरिष्ठ पत्रकार मोहन सिंह राजपूत तिल्दा नेवरा का 63 वर्ष की आयु में निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, तिल्दा-नेवरा तहसील के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहन सिंह राजपूत (63 वर्ष) का रविवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

गौरतलब हो कि मोहन सिंह राजपूत लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे। उन्होंने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्रकारिता के साथ-साथ वे पत्रकारों के हितों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी निरंतर सक्रिय रहे।
बता दे कि छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, तिल्दा-नेवरा तहसील के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पत्रकार साथियों को संगठित करने तथा उनके हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखने का कार्य किया। उनके सहज, मिलनसार एवं सहयोगी व्यवहार के कारण पत्रकारिता जगत में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
उनके आकस्मिक निधन से पत्रकार समुदाय ने अपने एक वरिष्ठ साथी और मार्गदर्शक को खो दिया है। पत्रकार साथियों ने कहा कि मोहन सिंह राजपूत का पत्रकारिता के प्रति समर्पण और पत्रकार हितों के लिए उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
आज दोपहर 2 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
ज्ञात हो कि परिजनों के अनुसार, दिवंगत मोहन सिंह राजपूत की अंतिम संस्कार यात्रा आज दोपहर 2 बजे उनके निज निवास, नेवरा से निकलेगी। अंतिम यात्रा में पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।
उनके निधन पर पत्रकार साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन एवं दुःखद समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
विनम्र श्रद्धांजलि।



