गणपति महाराज पर्व श्रीगणेशोत्सव की तैयारियां तेज मूर्तिकार दे रहे बप्पा को अंतिम रूप

तिल्दा-नेवरा : पुरे देश भर के नगर सहित ग्रामीण अंचलों में गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। गणपति बप्पा के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। समितियों द्वारा जहां भव्य पंडालों को आकर्षक रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। तो वहीं घरों में गणेश प्रतिमा विराजित करने वाले परिवार भी बप्पा के स्वागत की तैयारी में जुटे हुए हैं। पंडालों को रंग-बिरंगी झालरों, विद्युत सज्जा और आकर्षक साज-सज्जा से सजाने का सिलसिला शुरू हो गया है।

गौरतलब हो कि गणेश चतुर्थी पर्व के लिए अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। इसे देखते हुए नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मूर्तिकार गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। छोटी से लेकर बड़ी प्रतिमाओं तक का निर्माण और रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रतिमाओं की मांग के साथ ही बुकिंग और बिक्री का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
बता दे कि तिल्दा-नेवरा नगर के शंकर वार्ड क्रमांक 1 सासाहोली में स्थित माँ जगत जननी मूर्तिकला कला केंद्र के मूर्तिकार उमेन्द्र चक्रधारी पिछले करीब 20 वर्षों से गणेश भगवान के साथ मां दुर्गा और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का निर्माण कर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। मूर्तिकार उमेन्द्र चक्रधारी ने बताया कि गणेश चतुर्थी पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। पर्व को देखते हुए गणपति बप्पा की विभिन्न आकार और स्वरूप की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकांश प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।
रंग-रोगन एवं अन्य समानो में वृद्धि हुई है। जिसे देखते हुए प्रतिमाएं की थोड़ी सी रेट में बढ़ोतरी हुई है।बप्पा की अंतिम सजावट का काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी गणेश प्रतिमाओं के लिए लोगों द्वारा पहले से आर्डर दिए गए हैं। वही प्रतिमाओं की बिक्री होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
ज्ञात हो कि तिल्दा-नेवरा के बाजार में भी गणपति बप्पा की विभिन्न आकार की प्रतिमाएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। घरों में स्थापित करने के लिए छोटे आकार की प्रतिमाओं से लेकर गणेशोत्सव समितियों के पंडालों के लिए बड़े आकार की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं।गणेशोत्सव को लेकर समितियों के सदस्यों के साथ-साथ बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु बप्पा की प्रतिमा को विधि-विधान से विराजित कर पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हैं।

नगर और ग्रामीण अंचलों में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच बाजारों में भी पर्व को लेकर चहल-पहल बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में गणपति प्रतिमाओं की खरीदारी और पंडालों की सजावट का कार्य और तेज होने की उम्मीद है।



