शैल महेंद्र साहू और रानी सौरभ जैन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

तिल्दा-नेवरा : शिक्षक कॉलोनी के समीप स्थित सांस्कृतिक भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सदस्या श्रीमती शैल महेंद्र साहू शामिल हुईं। वहीं विशेष रूप से पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके महत्वपूर्ण योगदान और सेवाभाव के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती शैल महेंद्र साहू ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिला एवं बाल विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। समाज के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है।
वहीं पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन ने भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके कार्यों को सम्मान देना समाज के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर समारोह में उपस्थित महिलाओं ने सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवाभाव, समर्पण और सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।



