
तिल्दा के समीपस्थ ग्राम सरारीडीह में परमेश्वरी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
तिल्दा नेवरा : तिल्दा नगर के समीप स्थित ग्राम सरारीडीह में देवांगन समाज कोटा राज द्वारा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर परमेश्वरी महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बता दे कि महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा से की गई। कलश यात्रा में देवांगन समाज की महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर माता परमेश्वरी के जयघोष करते हुए गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकले। कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर कलश यात्रा के पश्चात विधिविधान से माता परमेश्वरी की पूजा-अर्चना की गई। पूजा कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों एवं पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माता से गांव की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौरतलब हो कि पूजा-अर्चना के पश्चात देवांगन समाज द्वारा भंडारा प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में समाज के युवाओं एवं महिलाओं ने सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
परमेश्वरी महोत्सव के आयोजन से ग्राम सरारीडीह में सामाजिक एकता एवं धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में देवांगन समाज के पदाधिकारियों, युवाओं एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।





