
ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में दो अलग अलग जिलों बलौदाबाजार व जशपुर में बड़े सड़क हादसे : मुख्यमंत्री ने दिख जताया
दोनो सडक हादसे में 9 लोगों की मौत, कई घायल; जशपुर और भाटापारा में मची अफरा-तफरी
बलौदाबाजार / जशपुर : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। पहला हादसा जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एक यात्री बस पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां ट्रक और बस की टक्कर में 4 यात्रियों की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिला जशपुर में बस पलटी, 5 लोगों की मौत :
पहली घटना जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के गोडाअंबा गांव के पास की है। पुलिस के अनुसार यात्री बस झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी की ओर जा रही थी। बस में लगभग 25 यात्री सवार थे।
बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और गोडाअंबा गांव के पास अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद बस सड़क किनारे बने एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल कुनकुरी अस्पताल भेजा गया।
इस घटना के बाद पुलिस के मुताबिक इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं करीब 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सिमगा भाटापारा में बस और ट्रक की टक्कर में 4 की मौत :
बता दे कि दूसरी घटना बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र के दलचूरा चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही आरबीएस कंपनी की एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी थी।
गौरतलब हो कि बताया जा रहा है कि बस अचानक रुक गई, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा एक ट्रक बस के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। वही इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं, एक बच्चा और एक बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोनो ही घटनाओं मे पुलिस ने शुरू की जांच :
घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया। सिमगा थाना प्रभारी लखेश केवट ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बस चालक और ट्रक चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दोनो हादसों पर गहरी दुख व्यक्त किया
छत्तीसगढ़ में हुई दो अलग अलग जिलों में भारी सडक हादसे हुआ जान माल की हानी पर गहरी संवेदना छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया है। वही मृतकों के परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करेने के लिए ईश्वर से प्रार्थना किये हैं।
आज हुई छत्तीसगढ़ के इन दोनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।





