
तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
तिल्दा नेवरा/रायपुर : छत्तीसगढ़ के जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
गौरतलब हो कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा नेवरा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीआर 5280) में दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की।
बता दे कि घेराबंदी के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, तभी पीछे बैठा एक युवक कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सूटकेस और बैग में रखा 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है।
इसके साथ ही आरोपी के पास से मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है। कुल मिलाकर पुलिस ने 4 लाख 75 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।

वही गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध गांजा और शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई और पुलिस टीम द्वारा की गई।





