
सांस्कृतिक संध्या के साथ सम्पन्न हुआ ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा का समर कैंप
तिल्दा-नेवरा : ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप का समापन समारोह 10 मई को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने डांस, ड्रामा, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नगरवासी समारोह में उपस्थित रहे।

बता दे कि इस समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा ने बच्चों एवं अभिभावकों को बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को “Bad Touch” के प्रति सतर्क रहने और किसी भी परेशानी की जानकारी तुरंत माता-पिता को देने की सलाह दी। साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत “ऐगिरी नंदिनी” गीत की सराहना करते हुए भारतीय संस्कृति से जुड़ाव को प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र बंजारे एवं समाजसेवी नीलम अग्रवाल ने भी कैंप की प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
सेवाकेंद्र प्रभारी बीके प्रियंका दीदी ने बताया कि 12 मई से निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर प्रारंभ होगा, जिसमें बच्चे और अभिभावक दोनों शामिल हो सकेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में डांस, ड्रॉइंग, पोस्टर मेकिंग, फायरलेस कुकिंग, ग्रुप डिस्कशन एवं एड मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। “बेस्ट बॉय” का सम्मान संयुक्त रूप से सुभाष यादव एवं आदित्य मिश्रा को तथा “बेस्ट गर्ल” का खिताब तनी ध्रुव को प्रदान किया गया।
मदर्स डे के अवसर पर बच्चों ने अपनी माताओं को स्वयं बनाए ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए, जिसने समारोह को भावुक और पारिवारिक स्नेह से भर दिया।






