गणेश महोत्सव को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

तिल्दा-नेवरा : आगामी श्री गणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना तिल्दा-नेवरा परिसर में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, सरपंच, कोटवार एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोठारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल एवं थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा रमाकांत तिवारी ने गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की।अधिकारियों ने उपस्थित गणेश समितियों को शासन, प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन से अवगत कराया। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, ध्वनि सीमा, जुलूस, विसर्जन व्यवस्था तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसलिए सभी समितियां जिम्मेदारी के साथ आयोजन करें और ऐसी कोई गतिविधि न करें, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो अथवा क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
बता दे कि जुलूस और विसर्जन में अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन रहेगा प्रतिबंधित बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। समितियों से अपील की गई कि जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।
गौरतलब हो कि धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप हो गणेश प्रतिमा विसर्जन
पुलिस प्रशासन ने गणेश पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन धार्मिक एवं हिंदू मान्यताओं के अनुरूप श्रद्धा और सम्मान के साथ किया जाए। विसर्जन के दौरान पर्यावरण एवं सार्वजनिक व्यवस्था का भी ध्यान रखने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित गणेश पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में गणेश महोत्सव शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा तथा पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद रानी सौरभ जैन, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, सौरभ जैन, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कोसले, पार्षदगण, एल्डरमैनगण, सरपंचगण, कोटवारगण, गणेश पूजा समितियों के सदस्य एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस एवं प्रशासन ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।



