
अवैध शराब पर तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
नशे पर निरंतर लगाम लगाने के लिए प्रयासरत पुलिस महकमा
तिल्दा नेवरा/रायपुर (ग्रामीण), 05 अप्रैल 2026 : “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा नेवरा पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब, नगदी रकम और दो मोपेड जब्त की हैं।
गौरतलब हो कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर ग्राम ताराशिव स्थित हर्षदीप पेट्रोल पंप के पास छापेमारी की गई। यहां आरोपी पूरन लाल वर्मा (30 वर्ष) को उसके एक्टिवा वाहन (CG 04 PT 8864) सहित पकड़ा गया। उसके कब्जे से 48 पौवा देशी मसाला शराब और 600 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में ग्राम छपोरा निवासी गोविंदा चतुर्वेदी उर्फ भरत लाल (30 वर्ष) को एक्टिवा (CG 04 QJ 9397) में अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 40 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई।
बता दे कि दोनों मामलों में कुल 88 पौवा शराब (कीमत लगभग 8800 रुपये), 600 रुपये नगद और करीब 1 लाख रुपये मूल्य की दो एक्टिवा मोपेड जब्त की गई हैं। तिल्दा नेवरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
ज्ञात हो कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक बी.एल. देवांगन, शंकर लाल वर्मा सहित पेट्रोलिंग स्टाफ शामिल रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध शराब के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





