Breaking : तिल्दा नेवरा में 14 नवंबर को होगी छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य मूर्ति स्थापना
माता कौशल्या धाम पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों ने दिया निमंत्रण, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखेगी भव्य झलक

तिल्दा नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा नगर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित महतारी अंगना चौक में आगामी 14 नवंबर, दिन शनिवार को छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य मूर्ति स्थापना समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमे इस कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं छत्तीसगढ़िया समाज तिल्दा नेवरा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
गौरतलब हो कि मूर्ति स्थापना समारोह की तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों द्वारा माता कौशल्या धाम पहुंचकर माता कौशल्या एवं प्रभु श्रीराम को विधिवत निमंत्रण दिया गया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य और यादगार बनाने को लेकर चर्चा की।
ज्ञात हो कि संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगी। बल्कि इसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं की भव्य झलक भी देखने को मिलेगी। समारोह में छत्तीसगढ़ महतारी की आकर्षक झांकी के साथ विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्यों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। जिसमे इस
कार्यक्रम में कर्मा, सुवा, पंथी, ददरिया, राउत नाचा, गेड़ी नृत्य, बस्तरिया नृत्य एवं नव बहिनिया नृत्य सहित छत्तीसगढ़ की विविध लोक संस्कृतियों को मंच प्रदान किया जाएगा।
वही इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजकों ने यह भी बताया कि मूर्ति स्थापना समारोह के अवसर पर रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़िया समाज एवं संगठन से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।
आयोजक संगठनों ने तिल्दा नेवरा क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति प्रेमियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।आयोजकों का कहना है कि छत्तीसगढ़ महतारी की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संदेश देगी।



