
ब्रेकिंग : मंत्री टंक राम वर्मा ने दी तिल्दा विकासखंड को DMF से 3 करोड़ की सौगात
तिल्दा विकाशखंड के परसदा सहित 26 गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी और सड़कें बनेंगी
तिल्दा-नेवरा : बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व, आपदा प्रबंधन मंत्री *टंक राम वर्मा* के प्रयासों से तिल्दा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों को जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 3 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिली है। इस राशि से तिल्दा विकासखंड में कुल 26 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। स्वीकृति की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर है।
जानकारी के अनुसार मंत्री टंक राम वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से प्राप्त मांगों को प्राथमिकता देते हुए DMF के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कराया। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण ग्राम परसदा जोता में देखने को मिला जहां शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन की मांग उठने के लगभग 15 दिनों के भीतर 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई। ग्रामीणों ने इस त्वरित निर्णय के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ज्ञात हो कि मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहरों जैसी बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही अतिरिक्त कक्षों और आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण भी कराया जाएगा ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त हो सके।
स्वीकृत कार्यों के तहत गुरुसुदा और परसदा जोता में 20-20 लाख रुपये की लागत से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन बनाए जाएंगे। वहीं बौरझिरडी, किरना, कंगारी खुहरीया, बेरसर, केंवटरा, सुगरा, मझगुनी, सिलपट्टी, तारीशिव, भुमिया और कांटा में 10-10 लाख रुपये से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होगा। छछानपहरी, ओटगन, टण्डवा के केंद्र क्रमांक 1 एवं 2, तारीशिव और छपोरा में 15-15 लाख रुपये की लागत से नवीन आंगनबाड़ी भवन बनेंगे।
इसके अतिरिक्त खबरिया में आंगनबाड़ी भवन का जीर्णोद्धार, सिरवे में आंगनबाड़ी भवन का जीर्णोद्धार एवं शौचालय निर्माण, खपरीकला के हाई स्कूल में आहाता निर्माण और सरारीडीह के गौठान में आहाता निर्माण किया जाएगा। तुलसी मागरपुर में सीसी रोड, टण्डवा में सड़क निर्माण और सिरवे के पीएमश्री स्कूल में प्रवेश मार्ग का निर्माण भी इसी स्वीकृति में शामिल है।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांवों में स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष और आंगनबाड़ी भवनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब स्वीकृति मिलने से निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर ब्लाक शिक्षा विभाग के विधायक प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा, राम पंजवानी, डॉ लक्ष्मण साहू, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन, सभापति संतोष यदु, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन, सुधांशु शर्मा, अमरजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा का आभार व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि मंत्री के लगातार प्रयासों से तिल्दा विकासखंड में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है और शिक्षा, सड़क, आंगनबाड़ी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।





