Chhattisgarh NewsLatest NewsSocializetion News

बैकुंठ में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना, श्रद्धालुओं की भीड़ से सराबोर रहा जोगी कुआं धाम का घाट

महिलाओं एवं पुरुषों ने सूर्यदेव और छठी मईया की पूजा-अर्चना करते पूरे क्षेत्र में दिखी आस्था और भक्ति की अनुपम छटा

तिल्दा-नेवरा : पुरे देश भर के आलावा छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा के समीपस्थ अल्ट्राटेक बैकुंठ मे भी लोक आस्था, पवित्रता, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूरे क्षेत्र में बड़े श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर क्षेत्र के बैकुंठ स्थित सुप्रसिद्ध जोगी कुआं धाम के सुंदर सरोवर में बनाए गए छठ पूजा के विशेष घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव और छठी मईया की पूजा-अर्चना की तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और संतान की खुशहाली की कामना की।छठ

गौरतलब हो कि छठ पर्व के अवसर पर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई थी। व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे सूप एवं दउरा लेकर घाट पहुंचीं। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्यदेव के दर्शन हुए, पूरा वातावरण छठी मईया के जयकारों, भक्ति गीतों और पूजा-अर्चना से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मईया के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा समर्पित की। इस पर्व पर जगह जगह घाट बनाये गये। जिसमे स्टेशन पारा बैकुंठ के आलावा सुप्रसिद्ध अंचल के जोगी कुआं धाम के अलावा पूरे तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के नदी, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के घाटों पर भी छठ पूजा की रौनक देखने को मिली। परिवार के सदस्य, बच्चे, बुजुर्ग और समाज के लोग बड़ी संख्या में इस महापर्व में शामिल हुए। घाटों पर उमड़ी भीड़ ने सामाजिक एकता, पारिवारिक प्रेम और धार्मिक आस्था का सुंदर संदेश दिया।

क्यों मनाया जाता है छठ महापर्व, क्या है इसकी मान्यता?

जानकारी के अनुसार छठ पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य, जल और जीवन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अनूठा पर्व है। हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना गया है, क्योंकि सूर्य से ही पृथ्वी पर जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और वनस्पतियों को पोषण मिलता है। वहीं छठी मईया को संतान की रक्षा करने वाली तथा परिवार में सुख-शांति और समृद्धि प्रदान करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।वही इसके अलावा धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मईया को देवी षष्ठी का स्वरूप माना जाता है। इस पर्व में व्रती अपने परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए कठिन तपस्या करते हैं।

ज्ञात हो कि इस पर्व की सबसे विशेष बात यह है कि इसमें केवल उगते सूर्य ही नहीं, बल्कि डूबते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है। इसके पीछे जीवन का गहरा संदेश छिपा है कि समाज में अस्त होते और उदय होते दोनों का समान महत्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप का सम्मान करना सिखाता है।

महाभारत काल से जुड़ी है छठ पूजा की पौराणिक कथा

बडी महत्वपूर्ण जानकारी यह भी है कि छठ पर्व को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। मान्यता है कि महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन नदी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते और उनकी उपासना करते थे। कहा जाता है कि सूर्यदेव की कृपा से ही कर्ण को तेजस्विता, शक्ति और दानवीरता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। तो एक अन्य प्रचलित मान्यता के अनुसार, जब पांडव वनवास के दौरान कठिनाइयों का सामना कर रहे थे, तब द्रौपदी ने ऋषि धौम्य की सलाह पर सूर्यदेव की उपासना और व्रत किया था। ऐसी मान्यता है कि सूर्यदेव की कृपा से पांडवों के संकट दूर हुए।

बता दे कि रामायण से जुड़ी एक मान्यता के अनुसार, लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम और माता सीता ने अयोध्या लौटकर सूर्यदेव की उपासना की थी। इन कथाओं के माध्यम से छठ पर्व की प्राचीनता और धार्मिक महत्ता को समझा जाता है।

चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व का कठिन अनुष्ठान

अलग अलग प्रकाशन व मान्यता के अनुसार छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला विशेष पर्व है। प्रत्येक दिन का अपना धार्मिक महत्व और अलग-अलग पूजा विधान होता है।

1\. नहाय-खाय: पहले दिन व्रती स्नान कर घर की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं।

2\. खरना: दूसरे दिन पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर छठी मईया को अर्पित किया जाता है। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

3\. संध्या अर्घ्य: तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब या सरोवर के घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को फल, फूल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री से सजे सूप के माध्यम से अर्घ्य अर्पित करते हैं।

4\. उषा अर्घ्य: चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है। इसके बाद व्रती पारण करते हैं और प्रसाद का वितरण किया जाता है।

आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है छठ पर्व

छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता और कठिन साधना है। इसमें जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। हर व्यक्ति समान श्रद्धा के साथ सूर्यदेव की उपासना करता है। इस पर्व में परिवार के सदस्य ही नहीं, बल्कि पूरा समाज मिलकर घाटों की साफ-सफाई, पूजा की व्यवस्था और व्रतियों की सेवा में सहयोग करता है।बैकुंठ के जोगी कुआं धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और सूर्यदेव के प्रति लोगों की अटूट आस्था ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय संस्कृति में लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का कितना गहरा महत्व है।छठी मईया और भगवान सूर्यदेव की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने यही कामना की कि हर घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा सभी के जीवन में आरोग्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। बडी बात यह भी है कि अब यह पर्व हर जाति धर्म के लोग मनाने लगे हैं।

Leave a Reply