Chhattisgarh NewsLatest NewsPolitical News

तानाशाही नहीं रुकी तो देश में बन सकते हैं विद्रोह जैसे हालात : शैलेश नितिन त्रिवेदी

वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान लेकर तिल्दा-नेवरा पहुंचे कांग्रेस के जिला प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, बोले- लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर लड़ना होगा

तिल्दा-नेवरा : वर्तमान में मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा देश में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान अब तिल्दा-नेवरा मंडल पहुंच गया है। अभियान के तहत मां मावली मंदिर, पुरानी बस्ती स्थित वार्ड क्रमांक 19 में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए।जन चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संसद से सड़क तक संघर्ष कर रहे हैं। विपक्षी दलों को एकजुट होकर कथित तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रही हैं और सरकारी मंचों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। वोट बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा और लोकतंत्र बचेगा तभी देश सुरक्षित रहेगा। एसआईआर प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए दोबारा अभियान चलाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वयं को ‘वोट रक्षक’ मानकर पहले अपना, फिर परिवार और आसपास के लोगों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के लिए जागरूकता फैलाएं।Congresh

अवगत हो कि शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल ब्लॉक या मंडल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए जनजागरण और लोकतांत्रिक आंदोलन आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब केंद्र और राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, तो अराजकता रोकने के नाम पर सत्तारूढ़ दल को ही रैलियां निकालने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

तानाशाही के खिलाफ जनता की आवाज उठना जरूरी : शैलेश नितिन त्रिवेदी

गौरतलब हो कि सभा को संबोधित करते हुए बलौदाबाजार के छाया विधायक एवं छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि यदि देश में तानाशाही का रवैया नहीं रुका तो भविष्य में विद्रोह जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में तानाशाही बढ़ने पर जनता ने विरोध का रास्ता अपनाया है। भारत में ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए समय रहते गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

बता दे कि त्रिवेदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के एसआईआर के तहत 14 करोड़ वोट कटने और उनमें तीन करोड़ घुसपैठियों के होने संबंधी कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में घुसपैठिए देश में मौजूद हैं तो उन्हें रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों तथा राज्योत्सव जैसे सरकारी आयोजनों के मंचों से विपक्ष की आलोचना किए जाने पर भी आपत्ति जताई और इसे शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी आयोजनों के राजनीतिक इस्तेमाल का उदाहरण बताया।

उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया के लिए उपयोग होने वाले फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि देश की विपक्षी पार्टियां आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग उठा रही हैं।

कांग्रेस नेताओं ने भी किया जन चौपाल को संबोधित

कार्यक्रम को तिल्दा मंडल अध्यक्ष गोवर्धन यदु, जिला महामंत्री सुनील सोनी, जितेन्द्र सेन, रामेश्वर यादव, संदीप पाण्डेय तथा नेवरा मंडल अध्यक्ष विजय हरिरामानी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बता दे कि इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजितेश शर्मा, जिला महामंत्री गजानंद वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष मोतीलाल हिन्दुजा, कार्यक्रम प्रभारी मुरली मनोहर वर्मा, विश्राम चक्रधारी, नीरज राठी, राहुल तेजवानी, पूर्व पार्षद दशरथ डहरिया, के. कृष्णमूर्ति, झन्ना वर्मा, अनुप रावनी, द्वारिका शर्मा, कैलाश गांधी, होलेराम पोर्ते, नरेश कुमार साहू, तोरण जांगड़े, कन्हैया यादव, पवन यदु, हेमलाल यदु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बघेल, सरोज ध्रुव, जीयनबती ध्रुव, आसमति ध्रुव, मंजु यादव, बृहस्पति निषाद, सुवेजा निषाद, लता टंडन, लक्ष्मी भटपहरी एवं शांति निषाद सहित महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। तो वही कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं छाया अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूर्व एल्डरमैन दिलीप देवांगन ने किया।

Leave a Reply