Breaking: तिल्दा नेवरा पुलिस और अल्ट्राटेक बैकुंठ फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा, मकान में लगी भीषण आग पर पाया काबू

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा-नेवरा नगर मे स्थीत सोनी हॉस्पिटल के पीछे मंगलवार को एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नेवरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

बता दे कि जानकारी के अनुसार, उमेश चंद्र वर्मा जी के मकान में जो की वार्ड न 14 मे सोनी हास्पिटल के पीछे है। अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान नेवरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए। अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट के फायर टीम के साथ फायर फोम टेंडर को सूचना कर बुलाया और तब से सबसे पहले मोर्चा संभाला और अपने स्तर पर आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से आग को फैलने से रोकने में काफी मदद मिली।
इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई तेज की। नेवरा पुलिस और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने में सफलता मिली और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस की तत्परता बनी राहत, स्थानीय लोगों ने की सराहना :
घटना के दौरान नेवरा पुलिस की सक्रियता और त्वरित पहल विशेष रूप से देखने को मिली। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभालने और आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश शुरू कर दी थी। पुलिस की इस तत्परता से राहत कार्य को गति मिली। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

आग लगने के कारणों का हो रहा जांच :
फिलहाल मकान में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आगजनी की इस घटना में मकान के भीतर हुए नुकसान का भी विस्तृत आकलन सामने आना बाकी है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।



