तिल्दा में दर्दनाक ट्रेलर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत मां गंभीर रूप से घायल

तिल्दा नेवरा : नगर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत, मां गंभीर रूप से घायल
तिल्दा-नेवरा। नगर के डॉक्टर खूबचंद बघेल चौक के पास बुधवार शाम 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तिल्दा से खरोरा की ओर जा रहा एक ट्रेलर वाहन डॉक्टर खूबचंद बघेल चौक के पास पहुंचा था। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार पंकज वर्मा (24 वर्ष), निवासी ग्राम बहेसर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ सवार मां घायल हो गईं।

बताया जा रहा है कि युवक ट्रेलर वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। नेवरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




