तिल्दा नेवरा मे आंवला नवमी पर महिलाओं ने की आंवले के वृक्ष की पूजा, मांगा आरोग्य का वरदान

तिल्दा-नेवरा : नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को आंवला नवमी (अक्षय नवमी) का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने का विशेष महत्व है। सुबह से ही महिलाएं पूजा की थाली, दीपक, रोली, अक्षत, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर आंवले के वृक्ष के पास पहुंचीं। उन्होंने वृक्ष पर जल अर्पित कर विधिवत पूजा की और कच्चे सूत से वृक्ष की परिक्रमा करते हुए परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

बता दे कि कई स्थानों पर महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर पूजा-अर्चना की तथा धार्मिक परंपरा के अनुसार भोजन एवं प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।आंवला नवमी का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और धार्मिक आस्था के सुंदर संगम का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व हमें वृक्षों के संरक्षण, प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरण के महत्व का संदेश भी देता है।



