छत्तीसगढ़िया समाज के अपमान के मामले में मधुबाला गिरी की गिरफ्तारी की मांग छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेनाने ने सौंपा ज्ञापन

तिल्दा नेवरा : छत्तीसगढ़ एवं छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक एवं धमकी भरे शब्दों का प्रयोग करने के मामले में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने आज विधानसभा थाना पहुंचकर आरोपी मधुबाला गिरी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। इस सेना द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वीडियो में मधुबाला गिरी द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने के साथ ही धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इससे छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

गौरतलब हो कि क्रान्ति सेना को प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित महिला के रायपुर से फरार होने की बात सामने आ रही है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उपलब्ध वीडियो एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरण में लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

बता दे कि छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, स्वाभिमान और छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।



