सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम सरोरा सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन

तिल्दा-नेवरा : सासाहोली से सांकरा तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से नाराज ग्राम पंचायत सरोरा के ग्रामीणों ने सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू के नेतृत्व में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। चक्काजाम के चलते सड़क पर घंटों यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू ने बताया कि सासाहोली से सांकरा तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले 11 महीनों से बंद पड़ा हुआ है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग, एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और विभागों के लगातार चक्कर लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो पाया है।
उन्होंने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं, वहीं कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। खराब सड़क के कारण ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच ने कहा कि बार-बार शिकायत और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से चक्काजाम करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए, ताकि लोगों को दुर्घटनाओं और आवागमन की परेशानियों से राहत मिल सके।

सरपंच प्रतिनिधि ने बताया की पी डब्लू डी के अधिकारियो ने 31 दिसंबर तक निर्माण कार्य प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया है जिसे मानकर हमने चक्का जाम हटा दिए है
अब देखना होगा कि ग्रामीणों के इस विरोध प्रदर्शन के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन सड़क निर्माण कार्य को लेकर कितनी शीघ्रता से कदम उठाते हैं।
बाईट -विश्राम साहू /सरपंच प्रतिनिधि सरोरा



