
मंत्री टंकराम वर्मा जी के सौजन्य से तिल्दा नेवरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला 2 फ्रीजर न पा अध्यक्ष चंद्रकला ने जताया आभार
तिल्दा नेवरा : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा नगर में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दो फ्रीजर उपलब्ध कराए गए। यह फ्रीजर बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री श्री टंकराम वर्मा की विधायक निधि से खरीदे गए हैं। जिसका उद्देश्य अस्पताल में टीकाकरण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सामग्रियों के सुरक्षित संरक्षण को सुदृढ़ करना है। फ्रीजर मिलने से स्वास्थ्य विभाग को काफी राहत मिलेगी। क्योंकि लंबे समय से इसकी कमी महसूस की जा रही थी और कई बार वैक्सीन तथा अन्य संवेदनशील दवाइयों के संरक्षण में चुनौती उत्पन्न होती थी।
गौरतलब हो कि फ्रीजर हस्तांतरण के अवसर पर आयोजित सरल एवं गरिमामय कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ पार्षद श्रीमती किरण बाला, व समाजसेवी बीजेपी नेता डॉ. लक्ष्मण साहू, सहीत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. पैकरा सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं चिकित्सा स्टाफ ने संयुक्त रूप से फ्रीजर का पूजन कर इसे अस्पताल प्रशासन को विधिवत रूप से सौंपा।
बता दे कि इस अवसर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा ने कहा कि “स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से फ्रीजर की कमी थी, जिससे वैक्सीन संरक्षण में परेशानी आती थी, लेकिन मंत्री टंकराम वर्मा जी की निधि से प्राप्त दो फ्रीजर से अब यह कमी पूरी हो गई है। इस सहयोग से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से संचालित होंगी।” उन्होंने मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह सराहनीय कदम है और भविष्य में भी इसी तरह जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता मिलती रहेगी।
कार्यक्रम में मौजूद पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग को संसाधन मिलने से जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से किया जा सकेगा, साथ ही गर्मी के मौसम में दवाइयों के संरक्षण में आ रही कठिनाइयों से भी निजात मिलेगी। अस्पताल में दैनिक कामकाज की गति तेज होगी और मरीजों को अधिक व्यवस्थित सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. पैकरा ने बताया कि फ्रीजर मिलने से कोविड वैक्सीन, पोलियो टीका, टीबी एवं अन्य जीवनरक्षक टीकों के संरक्षण में काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार सेवाओं में सुधार के लिए प्रयासरत है और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से संसाधन उपलब्ध होने पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ द्वारा मंत्री व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। सभी ने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे और तिल्दा नेवरा क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से और अधिक मजबूत एवं सक्षम बनेगा। जनप्रतिनिधियों ने जवानों, बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक संसाधनों से लैस स्वास्थ्य केंद्र विकसित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मिल रहे संसाधनों को जनहित का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने में सहायता मिलेगी। स्थानीय निवासियों में भी इस पहल को लेकर उत्साह एवं संतोष देखा गया। तिल्दा नेवरा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की यह पहल निश्चित ही क्षेत्र के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है।






