
ब्रेकिंग : रायपुर के वीआईपी इलाके में फायरिंग से हड़कंप पुलिस ने 2 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायपुर : छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के वीआईपी माने जाने वाले इलाके में देर रात हुई हवाई फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला कटोरा तालाब इलाके का है, जहां एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में मसाज सेवा देने से मना करने पर दो युवकों ने विवाद कर हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दे कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब स्थित एक महिला द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में दो युवक पहुंचे। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुका था। आरोपियों ने स्पा सेवा देने की जिद की, लेकिन संचालिका ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया।
इस मामले में बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और मना करने पर बहस करने लगे। विवाद के दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गौरतलब हो कि घटना की जानकारी पुलिस को अगले दिन दोपहर में मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस हरकत में आई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष), निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) और अंगद सिंह (33 वर्ष), निवासी आदर्श नगर मोवा रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार पाण्डेय प्राइवेट पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) के रूप में कार्यरत है, जबकि अंगद सिंह ड्राइवर है। पाण्डेय के पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

ज्ञात हो कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी नशे की हालत में थे और आवेश में आकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
राजधानी के संवेदनशील और वीआईपी इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।




