
ररूहाराम वर्मा प्राथमिक विद्यालय नेवरा क्रमांक 1 में संकुल स्तरीय प्रदर्शनी रानी सौरभ जैन की आतिथ्य में छात्रों ने दिखाया हुनर
ररूहाराम वर्मा प्राथमिक विद्यालय नेवरा क्रमांक 1 में संकुल स्तरीय प्रदर्शनी रानी सौरभ जैन की आतिथ्य में छात्रों ने दिखाया हुनर
तिल्दा नेवरा, 28 फरवरी 2026 : अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा स्थित ररूहाराम वर्मा प्राथमिक विद्यालय नेवरा क्रमांक 1 में संकुल स्तरीय “कबाड़ से जुगाड़” टीएलएम (Teaching Learning Material) एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन रहीं, जबकि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्री सौरभ जैन ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में शिक्षा जगत एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
बता दे कि इस अवसर विज्ञान मेला का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक एवं उपयोगी टीएलएम तैयार किए गए, जिनमें गणित, विज्ञान, पर्यावरण एवं भाषा विषयों की अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया। “कबाड़ से जुगाड़” की थीम के तहत बेकार वस्तुओं से उपयोगी शिक्षण सामग्री तैयार कर यह संदेश दिया गया कि संसाधनों की कमी नवाचार में बाधा नहीं बनती।
इस अवसर विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित अनेक मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरण, जल संरक्षण मॉडल, पर्यावरण संतुलन, मानव शरीर की संरचना, पवन ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और स्वच्छता से जुड़े प्रोजेक्ट प्रमुख रहे। छात्रों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ समझाया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ और प्रस्तुतीकरण कौशल देखने लायक था।
विद्यालय की कर्मचारी श्रीमती तुलसी दीदी द्वारा तैयार किया गया आकर्षक झूमर भी प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने कबाड़ सामग्री का उपयोग कर सुंदर सजावटी झूमर बनाया, जो उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना। उनके इस रचनात्मक प्रयास की सभी ने सराहना की और इसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 17 की पार्षद श्रीमती किरण वाला छाबड़िया, संकुल प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदानी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसदा के प्राचार्य श्री विनोद वर्मा तथा वरिष्ठ व्याख्याता श्री टी.पी. वर्मा की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विज्ञान मेला जैसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता और प्रयोगधर्मिता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
गौरतलब हो कि मुख्य अतिथि श्रीमती रानी सौरभ जैन ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन बच्चों को नई सोच और नवाचार की दिशा में प्रेरित करते हैं। अध्यक्षता कर रहे श्री सौरभ जैन ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भविष्य विज्ञान और तकनीक का है, इसलिए बच्चों को अभी से प्रयोग और खोज की आदत विकसित करनी चाहिए।
इस अवसर कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शाला विकास समिति के सदस्यगण एवं पालकों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन और भी प्रभावशाली बना। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के इस अवसर पर आयोजित विज्ञान मेला न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल साबित हुआ।





