
तिल्दा नेवरा थाना में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न : सौहार्दपूर्ण उत्सव मनाने की अपील
तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा मे होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से नेवरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल तथा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सरपंचों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाए। सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी व्यक्ति पर जबरदस्ती रंग-गुलाल न लगाया जाए तथा हुड़दंग, मारपीट या अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार राम प्रसाद बघेल ने भी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित होती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का पर्व है और इसे सकारात्मक भावना के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।

गौरतलब हो कि बैठक के दौरान नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने विशेष रूप से बेजुबान जानवरों पर जबरन रंग-गुलाल लगाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि होली का उत्साह किसी भी जीव को कष्ट देकर नहीं मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि न तो इंसानों पर जबरदस्ती रंग लगाया जाए और न ही जानवरों के साथ किसी प्रकार की ज्यादती की जाए। उनकी इस अपील का सभी उपस्थित लोगों ने समर्थन किया।
बता दे कि इस अवसर पर बैठक में कई सरपंचों और पार्षदों ने अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से इस पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि होली के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग गांवों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से की जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके और आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।

वही तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली पर्व पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तिल्दा नेवरा पुलिस थाना एव नगर प्रशासन के इस संयुक्त बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सरपंचों, पत्रकारों एवं नागरिकों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।





