Chhattisgarh NewsLatest NewsLife Style

ब्रह्माकुमारीज तिल्दा में महिलाओं ने जाना सात्विक रसोई से सुखी परिवार बनाने का तरीका

परिवार को सशक्त और सुखी बनाने का स्थान है रसोई

तिल्दा : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार की शाम तिल्दा शहर में ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र द्वारा एक सुंदर एवं प्रेरणादायी आध्यात्मिक कार्यक्रम “सात्विक रसोई : सुखी परिवार” का आयोजन किया गया।ब्रह्माकुमारीज तिल्दा

इस विशेष कार्यक्रम में महिलाओं को यह बताया गया कि घर की रसोई केवल भोजन बनाने का स्थान नहीं, बल्कि पूरे परिवार को सशक्त, स्वस्थ और सुखी बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं के हाथों में जो रसोई की शक्ति है, उसके माध्यम से वे अपने परिवार के स्वास्थ्य, मन और घर के वातावरण को सकारात्मक दिशा दे सकती हैं।
कार्यक्रम में भोजन बनाते समय शांत, प्रसन्न और सकारात्मक मनःस्थिति की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया। बताया गया कि जिस भावना और मानसिक अवस्था से भोजन तैयार किया जाता है, उसका प्रभाव सीधे परिवार के सदस्यों के मन और व्यवहार पर पड़ता है।

कार्यक्रम की शुरुआत में बहन राधा वर्मा ने परमात्मा से नाता जोड़कर जीवन की चिंता और घबराहट को दूर करने का संदेश देते हुए एक सुंदर आध्यात्मिक गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात नन्ही बालिका रुचिका ने सद्गुरु के दरबार की महिमा को समर्पित एक मनमोहक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

इसके बाद महिलाओं की टीम द्वारा एक अत्यंत रोचक एवं संदेशपूर्ण नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें यह दर्शाया गया कि जब घर में अशांत मन से भोजन बनाया जाता है तो उसका प्रभाव परिवार के वातावरण और रिश्तों पर भी दिखाई देता है, वहीं शांत और प्रेमपूर्ण मन से तैयार किया गया भोजन घर के माहौल को बदल देता है तथा भोजन के स्वाद और संतुष्टि में भी वृद्धि करता है। नाटक के माध्यम से दर्शकों को सरल और प्रभावी ढंग से यह संदेश दिया गया कि रसोई की सकारात्मक ऊर्जा पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित कर सकती है।ब्रह्माकुमारीज तिल्दा

तत्पश्चात अतिथियों के स्वागत में बालिका शानू ने अत्यंत भावपूर्ण स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसने कार्यक्रम के वातावरण को और भी सौम्य और प्रेरणादायी बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका तिल्दा की अध्यक्ष बहन चंद्रकला वर्मा रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में तिल्दा की सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ज्योति वाधवा तथा भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं पार्षद बहन रानी जैन उपस्थित रहीं। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी मंचासीन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया, जिससे पूरा सभागार आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत हो गया।
अपने उद्बोधन में बीके प्रियंका ने बताया कि हमारी रसोई केवल स्वाद का स्थान नहीं बल्कि स्वास्थ्य, संस्कार और ऊर्जा का केंद्र है।

उन्होंने आयुर्वेद में बताए गए भोजन के तीन दोष जाती दोष, आश्रय दोष और निमित्त दोष को स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि इनका ध्यान न रखा जाए तो वही भोजन धीरे-धीरे रोगों का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि आज भारत में तेजी से बढ़ रही कई बीमारियां जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, हृदय रोग, गैस-एसिडिटी, फैटी लिवर, थायरॉइड और पाचन संबंधी समस्याएं कहीं न कहीं हमारे असंतुलित खान-पान और रसोई की आदतों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं भोजन बनाने से पहले कुछ क्षण मेडिटेशन करके मन को शांत और सकारात्मक बना लें तो वही शांति और शुभ ऊर्जा भोजन में भी समाहित हो जाती है, जिससे परिवार के स्वास्थ्य और वातावरण दोनों में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

बता दे कि विशिष्ट अतिथि डॉ. ज्योति वाधवा ने सरल और प्रभावशाली शब्दों में सात्विक भोजन की महत्ता को स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि लोग नियमित रूप से ऐसे आध्यात्मिक केंद्रों से जुड़कर मन को शांत रखना और सात्विक भोजन अपनाना सीख जाएं, तो उन्हें डॉक्टरों के पास आने की आवश्यकता ही बहुत कम पड़ेगी। उन्होंने बताया कि हमारे उदर (गट) में भी लाखों न्यूरो कोशिकाएं होती हैं, ठीक वैसे ही जैसे हमारे मस्तिष्क में होती हैं, इसलिए इसे शरीर का “दूसरा मस्तिष्क” भी कहा जाता है। भोजन और मन के बीच दोनों दिशाओं में ऊर्जा और भावों का आदान-प्रदान होता है।

गौरतलब हो कि अपने संबोधन में रानी जैन ने एक प्रेरणादायी कहानी के माध्यम से विषय को और स्पष्ट करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज तिल्दा द्वारा महिला दिवस को इतने सार्थक और ज्ञानवर्धक विषय से जोड़ना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं को उनकी वास्तविक शक्ति का एहसास कराने वाला है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज तिल्दा और प्रियंका दीदी के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके स्नेह और प्रेरणा ने उनके जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करने की बात कही और समाज को नई दिशा देने के लिए संस्था को साधुवाद देते हुए सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्रकला वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला दिवस पर इस प्रकार के सार्थक विषय को उठाना अत्यंत सटीक और समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में यह एक अनोखी और महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि रसोई की शक्ति को पहचानना वास्तव में परिवार की शक्ति को पहचानना है।

उन्होंने कहा कि आजकल व्यस्त जीवनशैली में कई बार महिलाएं भी टीवी या मोबाइल में व्यस्त रहते हुए उसी मनःस्थिति में भोजन बना लेती हैं और परिवार भी उसी जल्दबाजी में भोजन कर लेता है, जिसके कारण शरीर और घर के वातावरण दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में बीके प्रियंका और डॉ. ज्योति वाधवा ने बहुत ही सुंदर और सरल तरीके से इन आदतों और उनके प्रभावों को स्पष्ट किया है। उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे सात्विकता की ओर अपने जीवन की दिशा बढ़ाने के लिए इस आयोजन और इसके बाद आयोजित होने वाले शिविर से अपने जीवन का एक नया और सुहाना सफर शुरू करें तथा अपने जीवन और परिवार की दिशा और दशा को ऊंचाइयों तक ले जाएं। अंत में उन्होंने प्रेरणादायी कविता की पंक्तियों के माध्यम से महिलाओं का उत्साह बढ़ाया और इस अवसर पर सभी महिलाओं तथा संस्था को हार्दिक बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रियंका दीदी ने सुंदर कमेंट्री के माध्यम से उपस्थित सभी महिलाओं को यह अनुभव कराया कि किस प्रकार सकारात्मक भावनाओं और शुभ संकल्पों के साथ रसोई में भोजन बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि इस विषय को व्यावहारिक रूप से सीखने के इच्छुक लोगों के लिए 30 मार्च से ब्रह्माकुमारीज तिल्दा सेवाकेंद्र में एक निःशुल्क शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसका समय सुबह 8 से 9 बजे तथा शाम 7 से 8 बजे रहेगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति 9406009446 पर संपर्क कर सकते हैं।

cm24news

आप सभी का हमारे वेबसाइट पर हार्दिक स्वागत है आपको इस वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ से जुड़े आवश्यक न्यूज़ एवं अपडेट देखने को मिलेंगे इस वेबसाइट में अलग-अलग वर्गों की रूचि का ख्याल रखते हुए हम खबरों का चयन करते हैं। समसामयिक खबरों के अलावे हम राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, अपराध, बिजनेज, गैजेट, आध्यात्म, मनोरंजन, खेलकूद से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाते हैं। देश में कर्मचारी व शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग है, उनसे जुडी खबरों को भी हम प्रमुखता की श्रेणी में रखते हैं। युवाओं को रोजगार संबंधी सूचना तत्काल मिले, इसे लेकर भी हमने अपनी वेबसाइट में जॉब/शिक्षा का एक अलग कॉलम रखा है, ताकि युवाओं को रोजगार संबंधी सूचनाएं मिल सके। ~ CM24News

Leave a Reply

Related Articles