
ग्राम बिनैका में संभव स्टील एड ट्यूब्स द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सम्पन्न : सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया लाभ
तिल्दा-नेवरा: छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा के समीपस्थ औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनैका में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सीएसआर मद से, समता फाउंडेशन तथा एमजीएम हॉस्पिटल रायपुर और उपाध्याय हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहयोग से पंचायत भवन में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।

गौरतलब हो कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद लोगों को सुलभ और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने नेत्र जांच, रक्त जांच, बीपी, शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच कर उचित उपचार एवं परामर्श दिया गया, साथ ही आवश्यकतानुसार आगे के इलाज के लिए पंजीकरण भी किया गया।
ज्ञात हो कि शिविर के दौरान 3 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें रायपुर ले जाकर एमजीएम हॉस्पिटल में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सहयोग से नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन हेतु मरीजों के आने-जाने एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

वही कार्यक्रम में कंपनी की सीएसआर हेड श्रीमती शीतल गोयल ने बताया कि कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत बिनैका में सीएसआर मद से शाला में रंगमंच निर्माण, सड़कों का कंक्रीटीकरण तथा मंदिर परिसर के पास रंगमंच एवं कक्ष निर्माण जैसे विकास कार्य कराए गए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कंपनी समय-समय पर ऐसे नि:शुल्क शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की मदद करती रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी से छोटी बीमारी को भी नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से परामर्श लेकर स्वास्थ्य लाभ लें।
शिविर में मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों एवं नजर के चश्मों का वितरण भी किया गया।
बता दे कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिनैका के सरपंच मुकेश बंजारे, उपसरपंच कमलेश ध्रुव, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के एम. जी. के. मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।





