
तिल्दा-नेवरा में कांग्रेस का विधायक कार्यालय घेराव, बायपास रोड सहित कई मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
तिल्दा-नेवरा. : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा नगर में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेसियों ने नगर के हृदय स्थल दीनदयाल उपाध्याय चौक से रैली निकालकर विधायक कार्यालय तक पहुंचते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब हो कि कार्यक्रम की शुरुआत दीनदयाल उपाध्याय चौक पर सभा के साथ हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने नगर की लचर व्यवस्थाओं को लेकर जमकर निशाना साधा। इस दौरान बायपास निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। सभा के बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए विधायक कार्यालय पहुंचे और वहां घेराव किया।
बता दे कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने बायपास निर्माण के अलावा ऑनलाइन सट्टा पर रोक लगाने, नकली सामग्री की बिक्री पर कार्रवाई करने तथा अवैध शराब के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। इस दौरान विधायक कार्यालय के सामने पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्कामुक्की भी हुई।

ज्ञात हो कि कांग्रेस के रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने आरोप लगाया कि मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा बायपास निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा बेखौफ संचालित हो रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
अवगत हो कि प्रदर्शन में पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी, नेता प्रतिपक्ष विजय सोनू मारखंडे, राम गिडलानी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजितेश शर्मा, बलदाऊ साहू, लक्ष्मी नारायण वर्मा, देवा दास टंडन, के. कृष्ण मूर्ति, नवीन अग्रवाल, ओम ठाकुर, राजेश कोटवानी, नानक छाबड़िया, सनत सेन, प्रशांत गुप्ता, नीरज राठी, कैलाश गांधी, राहुल तेजवानी, जगतू राम मंडले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एडिशनल एसपी, सीएसपी, नेवरा थाना प्रभारी सहित आसपास के थानों की पुलिस और महिला-पुरुष पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात रहा।
झलकियां: जिस तरह आंदोलन को लेकर पहले जोर-शोर से प्रचार किया गया था, उसके मुकाबले प्रदर्शन में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली।





