
बिलासपुर में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट, चालक गिरफ्तार
बिलासपुर कोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज
बिलासपुर, 28 मई (जयराम धीवर की रिपोर्ट) : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करने का मामला सामने आया है। मामले में कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आर्टिका कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की है।

बता दे कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी निवासी सेंदरी ने थाना कोनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच मौहारपारा निरतू रतनपुर रायपुर रोड क्षेत्र में एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था।
ज्ञात हो कि शिकायत के मुताबिक, चालक कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे युवती की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। साथ ही सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वही बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। इस तरह की लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है।





