Chhattisgarh NewsCrime NewsLatest News

ब्रेकिंग : नायब तहसीलदार से कथित मारपीट मामला मे विधायक व समर्थकों पर FIR दर्ज


अंबिकापुर/सीतापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के राजापुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला अब और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में कनिष्ठ प्रशासनिक संघ जिला सरगुजा खुलकर सामने आ गया है। संघ ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसडीएम, राजस्व निरीक्षक और पटवारी हड़ताल पर चले जाएंगे।

img 20260529 wa0011225056073933615868 - img 20260529 wa0011225056073933615868


हुआ विधायक और समर्थकों पर FIR दर्ज :


बता दे कि इस मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर अंबिकापुर थाना में विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
दर्ज FIR के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 221, 121(1), 132 और 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। FIR क्रमांक 003 वर्ष 2026 दिनांक 27 मई 2026 को रात 10:35 बजे दर्ज की गई है। घटना का समय शाम करीब 5 बजे बताया गया है।
एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि घटना राजापुर तहसील कार्यालय परिसर में हुई, जहां शासकीय कार्य के दौरान विवाद की स्थिति बनी।

img 20260529 wa00102090344392164616630 - img 20260529 wa00102090344392164616630


जाने क्या है पूरा मामला :


प्राप्त जानकारी के अनुसार कनिष्ठ प्रशासनिक संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार 27 मई 2026 को राजापुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी अपने नियमित शासकीय कार्यों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो अपने कुछ समर्थकों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां विधायक और उनके समर्थकों ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि नायब तहसीलदार के साथ मारपीट भी की।
संघ ने इसे एक शासकीय अधिकारी पर हमला बताते हुए कहा कि यह केवल एक कर्मचारी की गरिमा पर हमला नहीं बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा कृत्य है।


कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन :


कनिष्ठ प्रशासनिक संघ ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट कहा है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर के राजस्व अधिकारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


विधायक पक्ष का भी आरोप :


दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन श्रीमती सीमा निवासी कोटछाल ने नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने एक प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन कई दिनों से उन्हें कार्यालय के चक्कर कटवाए जा रहे थे। आरोप है कि जब वे मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचीं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।


वही इस मामले में परिवार का कहना है कि इसी शिकायत को लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे थे। विधायक समर्थकों का दावा है कि अधिकारी का व्यवहार आम लोगों के प्रति ठीक नहीं था और इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी।


नायब तहसीलदार ने आरोपों को बताया झूठा :


वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वे नियमित शासकीय कार्य कर रहे थे, तभी विधायक और उनके समर्थकों ने कार्यालय में आकर दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।


दोनों पक्षों ने की शिकायत :


घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा थाना में शिकायत दी गई थी। अब नायब तहसीलदार की शिकायत पर FIR दर्ज होने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


कलेक्टर अजीत वसंत ने क्या कहा :


सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्हें दोनों पक्षों से जानकारी प्राप्त हुई है। विधायक पक्ष द्वारा नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया है, जबकि नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
कलेक्टर ने कहा “दोनों पक्षों से घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
विधायक और उनके समर्थकों पर FIR दर्ज होने के बाद जिले के प्रशासनिक एवं राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राजस्व अधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

cm24news

आप सभी का हमारे वेबसाइट पर हार्दिक स्वागत है आपको इस वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ से जुड़े आवश्यक न्यूज़ एवं अपडेट देखने को मिलेंगे इस वेबसाइट में अलग-अलग वर्गों की रूचि का ख्याल रखते हुए हम खबरों का चयन करते हैं। समसामयिक खबरों के अलावे हम राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, अपराध, बिजनेज, गैजेट, आध्यात्म, मनोरंजन, खेलकूद से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाते हैं। देश में कर्मचारी व शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग है, उनसे जुडी खबरों को भी हम प्रमुखता की श्रेणी में रखते हैं। युवाओं को रोजगार संबंधी सूचना तत्काल मिले, इसे लेकर भी हमने अपनी वेबसाइट में जॉब/शिक्षा का एक अलग कॉलम रखा है, ताकि युवाओं को रोजगार संबंधी सूचनाएं मिल सके। ~ CM24News

Leave a Reply

Related Articles