
मुख्यमंत्री आवास के पास प्रदर्शन के दौरान दो महिलाओं ने खाया जहर,
लेकिन समय पर पहुंचाया हस्पताल हालत खतरे से बाहर
भुवनेश्वर,(जयराम धीवर की रिपोर्ट) 1 जून :ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के समीप रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विरोध प्रदर्शन कर रही तीन महिलाओं में से दो ने कथित रूप से जहर का सेवन कर लिया। दोनों महिलाओं को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों महिलाएं खुर्दा जिले के बनपुर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित भूमि विवाद के समाधान की मांग को लेकर लोअर पीएमजी स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर धरना दे रही थीं। उनका आरोप था कि प्रशासन द्वारा मामले के निराकरण में अनावश्यक देरी की जा रही है।
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीना ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बनपुर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को प्रदर्शन स्थल पर बुलाया गया था, ताकि महिलाओं को उनके क्षेत्र में ले जाकर भूमि विवाद के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
डीसीपी के मुताबिक, बनपुर रवाना होने से पहले तीन महिलाओं में से दो एक सार्वजनिक शौचालय में गईं, जहां उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों को तत्काल कैपिटल अस्पताल पहुंचाया।
एक स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान महिलाओं को पोटाश युक्त पानी पिलाया गया और उल्टी कराकर शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार दोनों महिलाएं अब पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।
घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि भूमि विवाद के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।




