
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन ने निभाई सामाजिक सहभागिता
एक स्वस्थ माँ ही एक स्वस्थ समाज की नींव है"
तिल्दा-नेवरा, 09 जून : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा मे माँ केवल एक परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की जननी होती है। एक स्वस्थ माँ ही स्वस्थ परिवार, संस्कारित पीढ़ी और सशक्त भारत का निर्माण कर सकती है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए। शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिल्दा-नेवरा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन ने अपनी सक्रिय एवं सार्थक सहभागिता निभाई।
बता दे कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को आयोजित किया जाता है, जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। अभियान के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के इस गौरवपूर्ण अवसर पर फाउंडेशन द्वारा उपस्थित हितग्राहियों को जूस वितरित कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व की शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
ज्ञात हो कि कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों एवं पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर मातृ स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता का संदेश दिया। संस्था का मानना है कि सेवा केवल सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, संवेदना और मानवता को जीवित रखने का संकल्प है।
उल्लेखनीय है कि पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शासकीय अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए “पहुना रसोई” सेवा अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन रात्रिकालीन भोजन के रूप में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, सलाद एवं पौष्टिक आहार मात्र 20 रुपये की सहयोग राशि में उपलब्ध कराया जाता है। यह सेवा उन परिवारों के लिए संबल बन रही है जो उपचार के दौरान आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हैं। मानवता और सेवा भाव से प्रेरित यह पहल आज क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में स्थापित हो रही है।
इस अवसर पर संस्था ने कार्यक्रम में आमंत्रित कर सेवा का अवसर प्रदान करने हेतु स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को नमन किया।
पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और संवेदना पहुँचाई जाए। संस्था का विश्वास है कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनेगा, तभी एक संवेदनशील, समृद्ध और मानवीय समाज का निर्माण संभव होगा।
“सेवा केवल दान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारा कर्तव्य है।”
“जहाँ संवेदना होती है, वहीं से सेवा का मार्ग प्रारंभ होता है।”
जारीकर्ता, पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन, तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)





