
ब्रेकिंग : शिक्षक की कथित प्रताड़ना से छात्र ने स्कूल जाने से किया इनकार शिवसेना व जायसवाल समाज ने BEO को सौंपा ज्ञापन
शिवसेना व जायसवाल समाज ने कहा कार्रवाई नहीं होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के तिल्दा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहका के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में अध्ययनरत कक्षा 6 के छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित रूप से प्रताड़ना एवं धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) एवं कनौजिया जायसवाल समाज ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बता दे कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश सचिव एवं बलौदाबाजार जिला प्रभारी मनहरण साहू ने बताया कि ग्राम कोहका निवासी कक्षा 6 के छात्र डेमन जायसवाल के परिजनों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक लक्ष्मी नारायण वर्मा ने छात्र को कथित रूप से प्रताड़ित करते हुए अपमानजनक बातें कहीं तथा यह भी कहा कि यदि उसने घर जाकर किसी को बताया तो उसे दोबारा स्कूल में मारा जाएगा। परिजनों के अनुसार घटना के बाद छात्र भयभीत हो गया और घर पहुंचकर रोने लगा। पूछने पर उसने कथित रूप से पूरी घटना अपने पिता धीरेंद्र जायसवाल को बताई और स्कूल जाने से भी मना कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मनहरण साहू अपने पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उनका कहना है कि विद्यालय के प्रधान पाठक संतोष कुमार ध्रुव ने आरोपों से इनकार किया। इसके बाद शिवसेना एवं कनौजिया जायसवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने समाज के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र जायसवाल तथा युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामगोपाल जायसवाल के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर (नीलाधर) सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलती रही हैं, जिससे बच्चों में भय का वातावरण बना हुआ है। संगठन ने मांग की है कि विद्यालय में सुरक्षित एवं भयमुक्त शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाए।शिवसेना एवं जायसवाल समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो चरणबद्ध उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवसेना के जिला महासचिव एवं तिल्दा ब्लॉक प्रभारी बद्री प्रसाद वर्मा, किसान सेना जिला सचिव मनोज यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य कोमल साहू, तिल्दा ब्लॉक उपाध्यक्ष छोटू यादव, अगेश्वर साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।





