
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बगिया में जनदर्शन कर सुनी आमजनों की समस्याएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव ने आवेदनों के त्वरित एवं गंभीर निराकरण के दिए निर्देश
जशपुरनगर, 17 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया में गुरुवार देर रात तक जनदर्शन आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, किसान तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे।मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं आम नागरिकों की सुविधा, विकास और जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। इसलिए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए।
बता दे कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है। जनदर्शन के दौरान प्राप्त कई आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समाधान किया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





