Chhattisgarh NewsPolitical News

तिल्दा मे मंत्री टंकराम वर्मा के आतिथ्य मे “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान हुआ संपन्न

आत्मशक्तिकरण से होगा नशा वृत्ति का स्थायी समाधान : B K प्रिंयंका

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र द्वारा गुरुवार 6 अगस्त को भारत सरकार के न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से आयोजित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान” का तिल्दा क्षेत्र में शुभारंभ माननीय मंत्री श्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा डॉ. उमा पैकरा, नगर पालिका तिल्दा के सीएमओ अमिताभ शर्मा, समाजसेवी अनिल अग्रवाल, अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष एवं समाजसेविका नीलम अग्रवाल तथा पार्षद रानी सौरभ जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।मंत्री टंकराम वर्मा

ज्ञात हो कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा की संचालिका बीके प्रियंका ने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिदिन 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 5,500 बच्चे किसी न किसी प्रकार के नशे की शुरुआत करते हैं, जबकि तंबाकू सेवन से प्रतिदिन लगभग 3,700 लोगों की मृत्यु होती है। उन्होंने कहा कि नशा राष्ट्र के विकास की नींव में लगा एक बड़ा छेद है, जिसका स्थायी समाधान केवल आत्मशक्तिकरण और राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से संभव है। उन्होंने बताया कि राजयोग के माध्यम से नशा छोड़ने वाले लगभग 97 प्रतिशत लोग दोबारा इसकी ओर नहीं लौटते।

गौरतलब हो कि वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा पैकरा ने कहा कि वे नियमित रूप से नशे की लत से पीड़ित लोगों की काउंसलिंग करती हैं तथा उनका अनुभव है कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करती है। वहीं सीएमओ अमिताभ शर्मा ने कहा कि नशा मुक्ति की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए और प्रत्येक नागरिक यदि यह संकल्प ले तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है।
समाजसेविका नीलम अग्रवाल ने कहा कि किसी भी चीज़ की अति ही नशा है, जिसकी शुरुआत अक्सर अकेलेपन और अवसाद से होती है। ऐसे लोगों को आध्यात्मिक सहयोग देकर नई दिशा दी जा सकती है। समाजसेवी अनिल अग्रवाल ने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए युवाओं को आजीवन नशामुक्त रहने का संदेश दिया तथा तिल्दा में आध्यात्मिक जागरण के लिए ब्रह्माकुमारीज़ के प्रयासों की सराहना की। पार्षद रानी सौरभ जैन ने इस अभियान से जुड़कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया तथा इसके शुभारंभ के लिए माननीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के अंत में राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से नशे की आदत छोड़ने वाले नशामुक्त वीरों का सम्मान किया गया तथा उपस्थित सभी नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Related Articles