
तिल्दा नेवरा में चंद्रकला वर्मा पलक विकास सुखवानी के नेतृत्व में निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली
तिल्दा नेवरा (रायपुर): छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के क्षेत्र विकासखंड तिल्दा नेवरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक जनजागरण स्वच्छता रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य नगर के नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना और “स्वच्छ तिल्दा-स्वस्थ तिल्दा” का संदेश देना था।
ज्ञात हो कि इस रैली का शुभारंभ गांधी चौक नेवरा से किया गया। जो सुभाष चौक, अग्रसेन चौक, सिंधी केम्प, बनियापारा, स्टेशन रोड होते हुए एचडीएफसी बैंक के पास संपन्न हुई। रैली में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, स्वच्छता दीदी गण और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
गौरतलब हो कि रैली के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा स्वयं सड़कों पर उतरकर नागरिकों से अपील करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि “नगर को स्वच्छ रखना केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी छोटे-बड़े व्यापारी अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन अवश्य रखें और कचरा केवल नगरपालिका की कचरा गाड़ियों को ही दें। किसी भी स्थिति में नालियों या सड़कों पर कचरा न फेंकें।”उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका लगातार सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रयास कर रही है, लेकिन नगरवासियों का सहयोग बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हर नागरिक अपने घर और मोहल्ले को स्वच्छ रखे, तभी पूरा शहर स्वच्छ बन सकेगा।
बता दे कि चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा ने स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए घोषणा कीये। जिसमे कि “जो भी व्यक्ति या व्यापारी गंदगी फैलाते पाए जाएंगे। उन पर ₹1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, ऐसे लोगों की जानकारी देने वाले नागरिक को ₹500 का पुरस्कार दिया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि नगर पालिका की सफाई दीदी और टिपर चालक प्रतिदिन मोहल्लों में जाकर कचरा एकत्र करते हैं, इसलिए नागरिक उनसे ही कचरा दें। उन्होंने सभी को समय पर कचरा देने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

नगरपालिका तिल्दा नेवरा के इस रैली में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी, भाजपा रायपुर ग्रामीण उपाध्यक्ष राम पंजवानी, मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन, पार्षदों मे ईश्वर यदु, जयेश पैकरा, सतीश निषाद, विनोद नेताम, लक्ष्मीचंद नागवानी, राजकुमार गेंड्रे, दिनेश साहू, श्रीमती पारुल अग्रवाल, डॉ. खुमान वर्मा,डां लक्ष्मण प्रसाद साहू, नरेंद्र शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और सफाई दीदी गण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रैली के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली और यह संदेश दिया कि तिल्दा नेवरा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हर नागरिक का दायित्व है। नगर पालिका परिषद ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इस तरह की जनजागरूकता रैलियां और सफाई अभियान वार्डवार रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि तिल्दा नेवरा प्रदेश के स्वच्छ नगरों में शामिल हो सके।





