
बिलासपुर एयरपोर्ट का ऑल वेदर ऑपरेशन में अपग्रेड, छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई उड़ान
रायपुर 6फरवरी 2026 :
छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-All Weather Operations (IFR) श्रेणी में अपग्रेड किए जाने की स्वीकृति मिली है। इस फैसले से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हवाई सेवाएँ उपलब्ध होंगी। साथ ही व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
बता दे कि इस अवसर मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू किंजरापु के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढाँचे का तेजी से विस्तार हो रहा है।
इस अवसर श्री साय ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट का यह उन्नयन न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इससे प्रदेश राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप में उभरेगा तथा भविष्य में नई हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएँ भी बढ़ेंगी।





