Chhattisgarh NewsLatest NewsPolitical News

धरसीवा क्षेत्र में विधायक की सेवा संवाद यात्रा के पहले ही गरमाई सियासत

कांग्रेस के द्वारा रायपुर धरसीवां क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक को साधा निशाना

सांकरा /धरसींवा :

धरसींवा में विधायक की सेवा संवाद यात्रा शुरू होने से पहले ही सियासत पूरी तरह गरमा गई है। एक तरफ सत्ता पक्ष सेवा यात्रा के शुभारंभ की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ विपक्ष और जनपद सदस्य जनता की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी आवाज उठाने की तैयारी में हैं। कल रविवार 22 नवंबर रविवार का दिन धरसींवा के लिए बेहद अहम होने जा रहा है। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा की 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा का भव्य शुभारंभ कल होने जा रहा है। इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा 25 दिनों तक चलेगी और क्षेत्र के 144 गांवों में पहुंचेगी।

बता दे कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य गांव गांव जाकर जनता से सीधे संवाद करना, जनसमस्याओं को मौके पर सुनना और उनका त्वरित निराकरण कराना है। साथ ही शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी इस यात्रा का प्रमुख लक्ष्य है। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह यात्रा सत्ता की नहीं, सेवा की यात्रा है। हम हर गांव, हर घर तक पहुंचेंगे। जनता की समस्या सुनेंगे और समाधान करेंगे। यही हमारी सेवा है और यही हमारा संकल्प है।
सत्ता पक्ष का दावा है कि विधायक द्वारा तीन वर्षों में क्षेत्र में 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। सड़क, पानी, बिजली, स्कूल, स्वास्थ्य और गांवों के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ साथ आम जनता में भी भारी उत्साह है। यह शुभारंभ कार्यक्रम कल प्रातः 11 बजे मुक्तेश्वर मंदिर परिसर चरौदा में आयोजित होगा।

गरमाई सियासत कांग्रेस ने कसी कमर

दूसरी ओर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के नेतृत्व में कल ही जन आक्रोश रैली एवं प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आशीष वर्मा का कहना है कि धरसींवा की जनता आज प्रदूषण, महंगाई, बेरोजगारी, मजदूरों के शोषण और किसानों की बदहाली से परेशान है। विधायक द्वारा 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने के दावे के बीच जनता अपने बुनियादी सवालों का जवाब मांग रही है। इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेसजन एकत्रित होकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे तथा जनता की आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस की पहली मांग धरसींवा औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण से मुक्ति दिलाने की है। औद्योगिक प्रदूषण से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। जनता को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण दिलाना कांग्रेस की प्रमुख मांग है। दूसरी मांग मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा दिलाने की है। कांग्रेस का कहना है कि मजदूरों का शोषण बंद होना चाहिए। उन्हें उनका पूरा हक और सम्मान मिलना चाहिए। तीसरी मांग स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की है। धरसींवा के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। स्थानीय युवाओं को स्थानीय उद्योगों और कामों में प्राथमिकता से रोजगार दिलाना कांग्रेस की मांग है।

ज्ञात हो कि चौथी मांग बढ़ती महंगाई से आम जनता को राहत देने की है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। राशन, सब्जी और रोजमर्रा की चीजें महंगी होने से गरीब परिवार परेशान है। पांचवीं मांग प्रभावित किसानों को फसल का उचित मुआवजा एवं कर्जमाफी दिलाने की है। किसानों की फसल खराब होने से वे कर्ज में डूब गए हैं। उन्हें उचित मुआवजा और कर्ज से राहत दिलाना जरूरी है। छठवीं मांग फसल बीमा में व्यक्तिगत खेत एवं वास्तविक नुकसान को इकाई मानकर मुआवजा देने की है। कांग्रेस का कहना है कि फसल बीमा में गांव को इकाई मानने से किसान को नुकसान उठाना पड़ता है। व्यक्तिगत खेत के नुकसान के हिसाब से मुआवजा मिलना चाहिए। सातवीं और सबसे बड़ी मांग विधायक द्वारा घोषित 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का गांववार हिसाब सार्वजनिक करने की है। कांग्रेस का कहना है कि जनता को जानने का हक है कि 800 करोड़ रुपये कहां और किस गांव में खर्च हुए। इसका पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। यह जन आक्रोश रैली कल प्रातः 10 बजे तिवरैया ब्रिज के नीचे से शुरू होकर चरौदा तक जाएगी। इस रैली में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा के साथ समस्त जिला, ब्लॉक, मंडल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल एवं समस्त कांग्रेसजन उपस्थित रहेंगे।

जनपद सदस्यों ने कहा सौपेंगे ज्ञापन उठाएंगे जनहित कूडे

इसी बीच जनपद पंचायत धरसींवा के जनपद सदस्य मनहरण वर्मा व दयाशंकर निषाद ने भी अपनी सेवा संवाद यात्रा के दौरान जनता की चार बड़ी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि ये यात्रा दिखावे के लिए नहीं, जनता की आवाज को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए है।

जनपद सदस्यों की पहली मांग छत्तीसगढ़ में स्कूलों का निजीकरण बंद करने की है। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में देने से गरीब बच्चों की पढ़ाई बंद हो जाएगी। सरकार सरकारी स्कूलों को मजबूत करे, बंद नहीं। इस मांग को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। दूसरी मांग मनरेगा में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने की है। जनपद सदस्यों का कहना है कि मनरेगा गरीब मजदूर का हक है। फर्जी मस्टररोल और पैसा गायब करने वाले अधिकारियों पर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री से की जाएगी। तीसरी मांग राशन कार्ड से गरीबों के नाम काटना बंद करने की है। उनका कहना है कि बिना जांच के गरीबों के नाम काटना बंद हो और पात्र परिवारों के नाम तुरंत जोड़े जाएं, ये मांग ज्ञापन में होगी। चौथी मांग जाति प्रमाण पत्र में हो रही परेशानी को दूर करने की है। जनपद सदस्यों का कहना है कि जाति प्रमाण पत्र के लिए गरीबों को महीनों चक्कर काटना पड़ रहा है। समय पर और बिना दलाली के प्रमाण पत्र बने, ये मांग मुख्यमंत्री से की जाएगी।

जनपद सदस्य दयाशंकर निषाद ने कहा कि मैं छलावा और दिखावे की राजनीति नहीं करता। जनता की इन चार मांगों को लेकर मैं मुख्यमंत्री को ज्ञापन दूंगा। जब तक समाधान नहीं होगा, तब तक चुप नहीं बैठूंगा।एक ही दिन एक ही क्षेत्र में मुख्यमंत्री का आगमन, सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ, कांग्रेस का ज्ञापन और जनपद सदस्यों की मांग, इससे धरसींवा का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं पर क्या जवाब देते हैं और किसका ज्ञापन कितना असर दिखाता है। धरसींवा की जनता भी यही चाहती है कि चाहे सत्ता हो या विपक्ष, बात सिर्फ विकास और जनहित की हो।

cm24news

आप सभी का हमारे वेबसाइट पर हार्दिक स्वागत है आपको इस वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ से जुड़े आवश्यक न्यूज़ एवं अपडेट देखने को मिलेंगे इस वेबसाइट में अलग-अलग वर्गों की रूचि का ख्याल रखते हुए हम खबरों का चयन करते हैं। समसामयिक खबरों के अलावे हम राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, अपराध, बिजनेज, गैजेट, आध्यात्म, मनोरंजन, खेलकूद से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाते हैं। देश में कर्मचारी व शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग है, उनसे जुडी खबरों को भी हम प्रमुखता की श्रेणी में रखते हैं। युवाओं को रोजगार संबंधी सूचना तत्काल मिले, इसे लेकर भी हमने अपनी वेबसाइट में जॉब/शिक्षा का एक अलग कॉलम रखा है, ताकि युवाओं को रोजगार संबंधी सूचनाएं मिल सके। ~ CM24News

Leave a Reply