Big Breaking : बैंक यूनियनों की हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी उपलब्ध

रायपुर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए बैंक ग्राहकों को अपने बैंकिंग लेन-देन की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है। हड़ताल के दौरान बैंक की नियमित शाखा सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों से आवश्यक बैंकिंग कार्य समय रहते पूरा करने की अपील की गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राहकों को जारी सूचना के अनुसार, हड़ताल की अवधि में बैंकिंग लेन-देन के लिए विभिन्न डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें UPI, UCO mBanking Plus, WhatsApp बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, ATM तथा BC (बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट) जैसी सेवाएं शामिल हैं।
डिजिटल सेवाओं से जारी रहेंगे लेन-देन :
हड़ताल के दौरान शाखाओं में बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की स्थिति में ग्राहक डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। UPI के जरिए भुगतान और धन हस्तांतरण, इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से विभिन्न बैंकिंग कार्य तथा ATM से आवश्यक नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध रहने की जानकारी दी गई है।
बैंक की ओर से ग्राहकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें शाखा जाकर कोई महत्वपूर्ण बैंकिंग कार्य करना है तो उसे हड़ताल से पहले पूरा कर लें। साथ ही, डिजिटल बैंकिंग का उपयोग करने वाले ग्राहक अपने मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा पहले से सक्रिय एवं सुचारु होने की जांच कर लें।
ग्राहकों को पहले से योजना बनाने की सलाह :
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर संभावित प्रभाव को देखते हुए ग्राहकों को नकदी की आवश्यकता, भुगतान और अन्य जरूरी लेन-देन की पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है। बैंक ने भरोसा दिलाया है कि डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध सेवाओं का उपयोग कर ग्राहक अपने आवश्यक लेन-देन जारी रख सकेंगे।
ग्राहकों से यह भी आग्रह किया गया है कि बैंकिंग से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण कार्य के लिए आधिकारिक बैंकिंग माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।



