मंत्री केदार कश्यप व टंकराम वर्मा ने किया जिला परिवहन कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, क्षेत्रवासियों को मिलेगी परिवहन सेवाओं की बेहतर सुविधा

बलौदाबाजार : जिले में परिवहन सेवाओं को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में आज जिला परिवहन कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप के साथ वरिष्ठ नेता श्री शिवरतन शर्मा, जिला अध्यक्ष श्री आनंद यादव, प्रदेश प्रवक्ता श्री प्रमोद शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बता दे कि नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय में क्षेत्रवासियों को वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट सहित परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के निर्माण एवं नवीनीकरण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस कार्यालय के माध्यम से परिवहन से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आम नागरिकों को कार्यालयीन कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि नए भवन के शुरू होने से जिले में परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। नागरिकों को विभिन्न परिवहन संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और श्रम की बचत होगी।
ज्ञात हो कि इस अवसर पर कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। डबल इंजन सरकार के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने और नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य जारी है।
इस अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण को जिले में परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही



