तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर साहू समाज ने किया स्पष्ट, अफवाहों पर न दें ध्यान महापौर चौबे व निगम आयुक्त से मिला साहू समाज का प्रतिनिधिमंडल

रायपुर : छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम बदले जाने को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही चर्चाओं और विभिन्न प्रकार की अफवाहों के बीच साहू समाज ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। साहू समाज के प्रदेश एवं जिला प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम की महापौर मिनल चौबे एवं निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात कर इस पूरे विषय पर चर्चा की। बैठक के बाद समाज की ओर से स्पष्ट किया गया कि तेलीबांधा चौक और तेलीबांधा तालाब के नाम में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।

बता दे कि साहू समाज ने समाज के स्वजातीय बंधुओं सहित आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रम अथवा बहकावे में न आएं और बिना तथ्य की जानकारी के किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
‘मेक इन इंडिया’ चौक का होगा विकास
समाज की ओर से बताया गया कि पुलिस थाना के सामने स्थित ‘मेक इन इंडिया’ चौक के सौंदर्यीकरण एवं विकास की योजना है। इस चौक को विकसित कर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में स्वरूप देने की पहल की जा रही है। समाज ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्तावित चौक के विकास को तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन से जोड़कर देखना पूरी तरह उचित नहीं है।
ज्ञात हो कि प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि तेलीबांधा नाम से जुड़ी पहचान और क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत का अपना विशेष महत्व है। इसलिए समाज के लोगों को किसी भी भ्रामक जानकारी के आधार पर प्रतिक्रिया देने के बजाय वास्तविक स्थिति को समझना चाहिए।
सांस्कृतिक पहचान के सम्मान के लिए जताया आभार
साहू समाज की ओर से इस पहल को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा एवं रायपुर महापौर मिनल चौबे सहित छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर के सम्मान और संरक्षण के लिए प्रयासरत सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समाज की ओर से कहा गया कि विकास कार्यों के साथ-साथ शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को संरक्षित रखना भी आवश्यक है। इसी भावना के साथ तेलीबांधा चौक एवं तालाब के नाम को लेकर समाज की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है।
यह जानकारी पार्षद एवं नगर निगम रायपुर जल विभाग की अध्यक्ष संतोष सीमा साहू की ओर से दी गई।



