तिल्दा में राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन

तिल्दा – नेवरा : नगर के दशहरा मैदान, बीएनबी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता – 2026 का रोमांचक मुकाबले के साथ समापन हुआ । उच्चशिक्षा विभाग के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय तिल्दा-नेवरा द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे।

महाविद्यालयीन खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने शामिल होकर विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती डाक्टर चंद्रकला वर्मा,भाजपा नेता राम पंजवानी ,महेश अग्रवाल ,चंद्र कुमार पाटिल, आकाश पंजवानी,सौरभ जैन सहित नगर एवं ग्रामीण अंचल के नागरिक, खेल प्रेमी और विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे।
फाइनल में रायपुर और राजनांदगांव के बीच कांटे की टक्कर:
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रायपुर और राजनांदगांव सेक्टर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शक दीर्घा मेंमौजूद लोगों की निगाहें अंतिम क्षण तक खेल पर टिकी रहीं।
एक समय जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही रायपुर की टीम को राजनांदगांव सेक्टर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पराजित कर दिया। इस जीत के साथ राजनांदगांव सेक्टर ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार राज्य स्तरीय आयोजन – तिल्दा नेवरा के शासकीय महाविद्यालय के खुलने के बाद पहली बार इस स्तर की महाविद्यालयीन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी ने नगर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना दिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन से स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिली।
खेल जीवन में अनुशासन और संघर्षकी सीख देते हैं : टंक राम वर्मा:
समापन समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि खेल हमें चुनौतियों का सामना करना, टीम के साथ मिलकर काम करना और निर्धारित लक्ष्य हासिल करना सिखाते हैं। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जीवन अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आशा व्यक्त की कि युवा खिलाड़ी इसी उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल समापन तिल्दा – नेवरा के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। इस आयोजन ने नगर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया।



