कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने की पहल की सराहना दिव्यांगजनों को प्रदान की गईं इलेक्ट्रिक कन्वर्टिबल व्हीलचेयर

तिल्दा नेवरा : यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर के एक्सेसिबिलिटी एवं सुगमता वर्टिकल द्वारा आयोजित दिव्योत्सव 4.0 समावेशिता, प्रतिभा और आत्मविश्वास का उत्सव बनकर सामने आया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना, उन्हें समान अवसर दिलाना और उनकी प्रतिभा को पूरे शहर में पहचान दिलाना है।यंग इंडियंस रायपुर के चेयर पंकज सोमानी ने बताया कि दिव्योत्सव का यह चौथा संस्करण है। इस पहल के माध्यम से रायपुर के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें हर क्षेत्र में समान अवसर एवं सम्मान दिलाने और उनकी क्षमताओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।

ज्ञात हो कि कार्यक्रम में रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने यंग इंडियंस की पहल की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और सुगम्यता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरकारी योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और दिव्यांगजनों के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का मंच
दिव्योत्सव 4.0 में 350 से अधिक बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों, खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रैंप वॉक में भाग लिया। कोपलवानी गवर्नमेंट ब्लाइंड स्कूल, अर्पण दिव्यांग स्कूल, प्रेरणा ब्लाइंड स्कूल और आकांक्षा स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिससे उन्हें अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
इलेक्ट्रिक कन्वर्टिबल व्हीलचेयर का वितरण
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पांच दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक कन्वर्टिबल व्हीलचेयर प्रदान करना रहा। मुख्य अतिथि डॉ. गौरव कुमार सिंह ने महेश्वर पटले, कुलदीप मिंज, आनंद कुमार साहू, पिंटू राम साहू और विभीषण कुमार निषाद को व्हीलचेयर प्रदान कीं। यह पहल उनकी गतिशीलता, स्वतंत्रता और दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रेरक कहानियां और संगीत की शाम
ब्लाइंड पैरा एथलीट कलाराम पटेल और ईश्वरी निषाद ने अपने संघर्ष और उपलब्धियों की कहानियां साझा कर बच्चों को प्रेरित किया। पूर्व आईजी श्री जसविंदर सिंह भामरा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पिछले चार वर्षों से कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे आरजे नमित ने अपनी सहज और प्रभावशाली शैली से आयोजन को जीवंत बनाए रखा। वहीं, कवि एवं कलमकार साहिल अग्रवाल की भजन जैमिंग प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
यंग इंडियंस टीम की सहभागिता
इस अवसर पर यंग इंडियंस रायपुर के चेयर पंकज सोमानी, को-चेयर कवित पासारी, एक्सेसिबिलिटी टीम की चेयर अनिशा बंसल, को-चेयर अंजलि केजरीवाल, ऋषभ लाठ और ऋषभ गुप्ता सहित टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
दिव्योत्सव 4.0 ने यह संदेश दिया कि सच्ची समावेशिता तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मंच मिले। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, सहभागी स्कूलों, बच्चों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



