Chhattisgarh NewsLatest NewsPolitical News

पत्रकार विनोद जयसवाल ने दी मानवता की मिशाल कोरबा मेडिकल कालेज को किया देहदान बोले मेरा शरीर बने ग्रंथ

कोरबा : इंसान अपने जीवन में धन, संपत्ति, मान-सम्मान और भौतिक सुख-सुविधाएं अर्जित करने की दौड़ में पूरी जिंदगी गुजार देता है। जीवनभर मोह-माया, काम, क्रोध, लोभ और अहंकार के बीच उलझा मनुष्य अक्सर यह भूल जाता है कि एक दिन यह शरीर मिट्टी में मिल जाना है। लेकिन यदि मृत्यु के बाद भी यही शरीर किसी दूसरे के भविष्य को संवारने, चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने और मानवता की सेवा करने के काम आ जाए, तो इससे बड़ा सामाजिक योगदान शायद ही कोई हो सकता है। इसी मानवीय सोच, सामाजिक सरोकार और परोपकार की भावना के साथ कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विनोद जायसवाल ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने 25 नवंबर 2026 को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा पहुंचकर शरीर रचना विज्ञान विभाग (एनाटॉमी विभाग) में स्वैच्छिक देहदान से संबंधित घोषणा पत्र की औपचारिकताएं पूरी कीं और मृत्यु के पश्चात अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए समर्पित करने की घोषणा की।

IMG 20261126 WA0005 - IMG 20261126 WA0005

बता दे कि उनका कहना है कि जीवनभर समाज के लिए कुछ करने का प्रयास किया है और अब इच्छा है कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर मानवता के किसी काम आ सके। उनका यह निर्णय केवल देहदान की घोषणा नहीं, बल्कि जीवन के अंतिम अध्याय को भी मानव सेवा के नाम समर्पित करने की एक भावनात्मक अभिव्यक्ति है।

मृत्यु के बाद भी किसी के भविष्य को रोशन करने की इच्छा

विनोद जायसवाल का कहना है कि मनुष्य का जीवन केवल अपने लिए जीने तक सीमित नहीं होना चाहिए। जब तक शरीर में प्राण हैं, तब तक व्यक्ति अपने सामर्थ्य के अनुसार परिवार, समाज और देश के लिए योगदान दे सकता है। लेकिन मृत्यु के बाद भी यदि उसका शरीर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के ज्ञान का आधार बन सके और भविष्य में बेहतर चिकित्सक तैयार करने में मददगार हो, तो इससे अधिक संतोष की बात क्या होगी?उन्होंने कहा कि मेरी दिली इच्छा है कि मृत्यु के बाद मेरा शरीर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक पुस्तक या ग्रंथ की तरह बने। जिस प्रकार विद्यार्थी पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करते हैं, उसी प्रकार वे मेरे शरीर के माध्यम से मानव शरीर की संरचना को समझें, चिकित्सा विज्ञान का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करें और भविष्य में जरूरतमंद मरीजों का बेहतर उपचार कर सकें।

आगे कहां मैं चाहता हूं कि मेरे जाने के बाद भी मेरा शरीर किसी विद्यार्थी की शिक्षा और किसी मरीज की जिंदगी बचाने की उम्मीद का माध्यम बने। यदि मेरे इस निर्णय से भविष्य में तैयार होने वाला कोई चिकित्सक किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सफल होता है, तो यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता होगी।

30 वर्षों की पत्रकारिता: कलम के साथ जमीन पर भी संघर्ष

विनोद जायसवाल का सामाजिक जीवन केवल पत्रकारिता और समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं रहा है। अपने लगभग 30 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और शासन-प्रशासन की जवाबदेही को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ जरूरतमंद और वंचित समुदायों के बीच पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से सामाजिक बदलाव लाने का प्रयास किया है।विशेष रूप से कोरबा जिले के दुर्गम पहाड़ी एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में निवासरत पहाड़ी कोरवा, बिरहोर और पंडो जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के बीच उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, शराबबंदी, बाल विवाह रोकथाम, महिला सशक्तिकरण, अंधविश्वास एवं टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जल-जंगल-जमीन और जैविक खेती जैसे विषयों पर लगातार जनजागरण अभियान चलाए हैं।

उनका प्रयास रहा है कि समाज की मुख्यधारा से दूर रह रहे इन परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक अधिकारों की जानकारी पहुंचे तथा वे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए स्वयं आगे आएं।

15 वर्षों से शराबमुक्त है जलेके का तेंदूटिकरा: सामाजिक बदलाव की मिसाल

उनके सामाजिक प्रयासों का एक उल्लेखनीय उदाहरण ग्राम पंचायत जलेके के तेंदूटिकरा में देखने को मिलता है, जहां उनके अनुसार पंडो जनजाति के परिवारों ने पिछले लगभग 15 वर्षों से शराब से दूरी बनाए रखने का संकल्प कायम रखा है।

यह बदलाव किसी एक दिन में नहीं आया, बल्कि लगातार बैठकों, संवाद, समझाइश और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को शराब के दुष्परिणाम समझाने तथा परिवार और समाज के बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का परिणाम रहा है।

इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत गुडरुमुड़ा में बिरहोर जनजाति के लोगों को भी शराब का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाकर नशामुक्त समाज की दिशा में प्रेरित किया गया।

मदनपुर में मटका फोड़ अभियान से महिलाओं ने संभाली सामाजिक बदलाव की कमान

कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम मदनपुर में महिला स्वसहायता समूहों के सहयोग से शराबबंदी को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने पूरे गांव में नारे लगाकर घर-घर संपर्क किया तथा आपसी सहमति से मटका फोड़ अभियान चलाया।

इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शराब सेवन से होने वाले पारिवारिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में समझाया गया तथा नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

इस पहल ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं और ग्रामीण एकजुट होकर किसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध खड़े होते हैं, तो गांव में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

पंडोपारा में श्रमदान से रास्ता निर्माण और आंगनबाड़ी संचालन की पहल

ग्राम पंचायत मानिकपुर के तीनधारा क्षेत्र स्थित पंडोपारा में भी सामाजिक जागरूकता के साथ श्रमदान आधारित पहल की गई। यहां निवासरत पंडो परिवारों को शराब से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ ग्रामीणों के सहयोग से रास्ते का निर्माण कराया गया।

इसके अलावा श्रमदान और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से आंगनबाड़ी संचालन की दिशा में भी प्रयास किए गए, ताकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों और परिवारों तक बुनियादी सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंच सके।इन अभियानों का उद्देश्य केवल किसी समस्या को सामने लाना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को स्वयं जागरूक कर अपने गांव के विकास में सहभागी बनाना रहा है।

मतदाता जन चेतना मीडिया फाउंडेशन के माध्यम से निरंतर जनहित के कार्य

विनोद जायसवाल के नेतृत्व में संचालित मतदाता जन चेतना मीडिया फाउंडेशन छत्तीसगढ़ भी विभिन्न जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहा है।

फाउंडेशन के माध्यम से गौसेवा एवं गौवंश संरक्षण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता अभियान, नेत्रदान जागरूकता एवं शिविर, जरूरतमंदों को चश्मा वितरण, शीतकाल में कंबल वितरण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, मतदाता जागरूकता और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने जैसे कार्य किए जाते रहे हैं।इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर आम नागरिकों के सहयोग से जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं।

IMG 20261126 WA0004 - IMG 20261126 WA0004

विनोद जायसवाल का मानना है कि पत्रकारिता की वास्तविक सार्थकता केवल खबर प्रकाशित करने में नहीं, बल्कि समाज की पीड़ा को समझने, जरूरतमंदों की आवाज बनने और सकारात्मक बदलाव के लिए स्वयं भी जमीन पर उतरकर प्रयास करने में है।

समाज के नाम संदेश: देहदान पर खुलकर हो चर्चा

विनोद जायसवाल ने अपने देहदान के निर्णय को सार्वजनिक करने के पीछे भी एक विशेष उद्देश्य बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने यह पहल केवल अपनी व्यक्तिगत इच्छा की पूर्ति के लिए नहीं की है, बल्कि चाहते हैं कि देश के अधिक से अधिक नागरिक देहदान के महत्व को समझें और इस विषय पर समाज में सकारात्मक चर्चा शुरू हो।

उन्होंने कहा कि मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है, लेकिन मृत्यु के बाद भी किसी के काम आना मनुष्य के जीवन को एक अलग अर्थ दे सकता है। देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने का माध्यम है। समाज में इसके प्रति व्याप्त भ्रांतियों और संकोच को दूर करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक लोग इस मानवीय पहल के महत्व को समझ सकें।

जीवन का अंतिम अध्याय भी मानवता के नाम

आज के दौर में जहां लोग अपने जीवनकाल में नाम, पहचान और उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रयासरत रहते हैं, वहीं विनोद जायसवाल का यह संकल्प समाज को एक अलग दृष्टिकोण देता है।

लगभग तीन दशकों तक पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को आवाज देना, दुर्गम आदिवासी अंचलों में जाकर सामाजिक जागरूकता के प्रयास करना, नशामुक्ति और शराबबंदी जैसे अभियानों में समुदायों को जोड़ना और अब मृत्यु के बाद अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित करने का निर्णय लेना उनके जीवन में मानव सेवा की निरंतरता को दर्शाता है।

उनका मानना है कि इंसान की असली पहचान केवल इस बात से नहीं होनी चाहिए कि उसने जीवन में कितना कमाया, बल्कि इस बात से भी होनी चाहिए कि उसके जाने के बाद समाज को उससे क्या मिला।

उनका यह संकल्प एक संदेश देता है कि शरीर नश्वर है, लेकिन उससे मिलने वाला ज्ञान, शिक्षा और परोपकार आने वाली पीढ़ियों तक अपना प्रभाव छोड़ सकता है।

विनोद जायसवाल की यह पहल समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका संकल्प है कि जीवन का अंतिम अध्याय भी मानवता की सेवा के नाम हो और उनके जाने के बाद भी उनका शरीर किसी विद्यार्थी के ज्ञान, किसी भावी चिकित्सक की शिक्षा और किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने की उम्मीद का आधार बन सके।

शायद यही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है—इंसान दुनिया से विदा हो जाए, लेकिन उसके जाने के बाद भी उसके कर्म मानवता के काम आते रहें।

Leave a Reply