Chhattisgarh NewsLatest NewsPolitical News

भूपेश बघेल स्वामी आत्मानंद स्कूल सिलतरा के आनंद मेला में मुख्य अतिथि बन पहुंचे कहां पेंड्रावन जलाशय पर कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखेंगे कांग्रेस का रुख

सिलतरा /रायपुर : स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम निजी स्कूल, सिलतरा में आयोजित आनंद मेला एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह देखकर पूर्व मुख्यमंत्री ने उनका हौसला बढ़ाया तथा जीवन में शिक्षा, अनुशासन और समय के महत्व को समझने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर कार्यक्रम में भूपेश बघेल के पहुंचते ही परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

InShot 20261124 220337358 - InShot 20261124 220337358

25 साल पुरानी यादें हुईं ताजा

बता दे कि मंच से अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्कूल से जुड़े अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लगभग 25 वर्ष पहले भी वे इस स्कूल की एक बैठक में शामिल हुए थे और आज 25 साल बाद पुनः यहां आने का अवसर मिला है। उन्होंने आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।

बच्चों को दी समय के सदुपयोग और पढ़ाई की सीख

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि बाल्यकाल जीवन का बेहद महत्वपूर्ण समय होता है। यह समय एक बार बीत जाने के बाद दोबारा लौटकर नहीं आता, इसलिए बच्चों को इसका अधिकतम सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के समय पूरी एकाग्रता से अध्ययन करना चाहिए, गुरुजनों की बातों को गंभीरता से सुनना चाहिए और कोई बात समझ में नहीं आने पर बेझिझक सवाल पूछना चाहिए।

उन्होंने आनंद मेला को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सीखने, समझने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर बताया। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के प्रति सम्मान को जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

खारून नदी और महादेव मंदिर की परंपरा का किया उल्लेख

अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां मेला लगता है, लोग खारून नदी में स्नान करते हैं और महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। ये परंपराएं हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता की पहचान हैं, जिन्हें आगे भी सहेजकर रखना चाहिए।

पेंड्रावन जलाशय और अल्ट्राटेक मामले पर कल कांग्रेस का रुख होगा स्पष्ट

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान न्यूज 24 के पत्रकार ने किसानों और अन्नदाताओं के भविष्य से जुड़े पेंड्रावन जलाशय के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री से सवाल किया। पत्रकार ने पूछा कि पेंड्रावन जलाशय का मामला लगातार चर्चा में है, इस पर कांग्रेस का क्या रुख है?

इस पर भूपेश बघेल ने जवाब देते हुए कहा कि इस मामले को लेकर क्षेत्र के लोग उनसे मिलने आए थे और उन्होंने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर अगले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपना पक्ष रखेंगे। बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा इस मामले में दिए गए बयान का भी उल्लेख किया।

गौरतलब है कि पेंड्रावन जलाशय और अल्ट्राटेक सीमेंट से जुड़े मामले को लेकर किसानों एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के बीच लगातार चर्चा हो रही है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा अगले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का आधिकारिक पक्ष रखने की घोषणा के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक और क्षेत्रीय हलकों की निगाहें अब उनके बयान पर टिक गई हैं।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व को भी रेखांकित किया।

Leave a Reply