Chhattisgarh NewsLatest NewsPolitical News

धरसींवा विधायक के गांव में रहने तक फैक्ट्रियों की चिमनियों से धुआं निकलना बंद रहा, उनके जाते ही फिर शुरू हुआ धुआं : ग्रामीणों का आरोप

धरसींवा/रायपुर : क्षेत्रीय विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा मंगलवार को सोंडरा गांव पहुंची। 144 गांवों तक पहुंचने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सामने गांव की प्रमुख समस्याएं रखीं। इनमें सबसे गंभीर समस्या औद्योगिक इकाइयों से होने वाला प्रदूषण रही। ग्रामीणों का आरोप है कि आसपास संचालित इस्पात एवं स्पंज आयरन फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं के कारण उनका जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन वर्षों से शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

IMG 20261124 WA0040 - IMG 20261124 WA0040

ज्ञात हो कि यात्रा के बाद ग्रामीणों से बातचीत में भी प्रदूषण का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि सोंडरा और सांकरा क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जिनसे निकलने वाला धुआं आसपास के गांवों के वातावरण को प्रभावित करता है।

घनकुल, बासवानी और नंदन सहित कई फैक्ट्रियों पर प्रदूषण फैलाने का आरोप

ग्रामीण हेमंत कुमार साहू ने कहा कि गांव की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है। उन्होंने घनकुल, बासवानी और नंदन सहित आसपास की औद्योगिक इकाइयों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में करीब आधा दर्जन से लेकर दर्जन भर तक बड़ी इस्पात एवं स्पंज आयरन फैक्ट्रियां संचालित हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन इकाइयों से निकलने वाला धुआं सोंडरा और सांकरा दोनों गांवों को प्रभावित करता है।

वही हेमंत साहू ने प्रदूषण के कारणों का जिक्र करते हुए कहा कि हवा का रुख उत्तर से पश्चिम की ओर, रायपुर की दिशा में रहता है, जिसके चलते फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं उनके गांव तक पहुंचता है। उनका आरोप है कि रातभर चिमनियों से धुआं निकलता रहता है और दिन में भी रुक-रुककर धुएं का गुबार दिखाई देता है।

विधायक ने लिखित आवेदन देने की कही बात

ग्रामीणों के मुताबिक, सेवा संवाद यात्रा के दौरान जब विधायक अनुज शर्मा के समक्ष प्रदूषण की समस्या रखी गई, तब उन्होंने इस संबंध में लिखित आवेदन तैयार कर देने की बात कही और कहा कि पत्र मिलने पर कार्रवाई करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि विधायक करीब डेढ़ से दो घंटे तक गांव में मौजूद रहे।

विधायक की मौजूदगी में धुआं बंद, जाते ही फिर शुरू होने का दावा

ग्रामीणों ने बातचीत में एक और महत्वपूर्ण बात सामने रखी। हेमंत कुमार साहू से जब पूछा गया कि विधायक के गांव में रहने के दौरान फैक्ट्रियों की चिमनियों से धुआं निकल रहा था या नहीं, तो उन्होंने बताया कि उस दिन दिनभर धुआं दिखाई नहीं दिया। वहीं विधायक के गांव से जाने के बाद चिमनियों से दोबारा धुआं निकलना शुरू हो गया।ग्रामीणों के इस दावे ने औद्योगिक प्रदूषण की निगरानी और संबंधित विभागों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, इस संबंध में संबंधित औद्योगिक इकाइयों का पक्ष सामने नहीं आया है।

भारी वाहनों की आवाजाही से भी ग्रामीण परेशान

प्रदूषण के साथ ही ग्रामीणों ने बस्ती के बीच से भारी वाहनों की आवाजाही को दूसरी बड़ी समस्या बताया। उनका कहना है कि भारी वाहनों के कारण धूल और धुएं से परेशानी बढ़ती है तथा सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। गांव में स्कूल होने के कारण बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
ग्रामीण निषाद और नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि प्रदूषण के कारण लोगों की तबीयत खराब होती है। स्कूल के आसपास भी इसका असर महसूस किया जाता है। ग्रामीणों की मांग है कि गांव को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

सरपंच संतोष साहू बोले– 20 साल से कर रहा हूं शिकायत

सोंडरा ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष साहू ने भी प्रदूषण की समस्या पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस समस्या को लेकर शिकायत करते हुए करीब 20 वर्ष होने जा रहे हैं। हर बार शिकायत की जाती है और कार्रवाई का आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय मीडिया और समाचार पत्रों में भी कई बार प्रदूषण की समस्या उठाई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है।

अब लिखित शिकायत नहीं, स्थायी समाधान चाहते हैं ग्रामीण

सेवा संवाद यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखकर समाधान की उम्मीद जताई है। अब ग्रामीण लिखित शिकायत देने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उनकी मांग है कि केवल आवेदन लेकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि संबंधित विभागों द्वारा औद्योगिक इकाइयों की मौके पर जांच कराई जाए, प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई हो।
अब देखना होगा कि विधायक की सेवा संवाद यात्रा में उठाया गया सोंडरा का प्रदूषण का मुद्दा प्रशासन और संबंधित विभागों तक कितना प्रभावी ढंग से पहुंचता है तथा वर्षों से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को इससे कब तक राहत मिल पाती है।

Leave a Reply