सिनोधा तिल्दा में पूर्व सरपंच बेनलाल वर्मा ने फहराया तिरंगा, हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा-नेवरा के समीप ग्राम सिनोधा में स्वतंत्रता दिवस का 80वां उत्सव पूरे हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। ग्राम के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं गीत एवं देशभक्ति नारों का उद्घोष करते हुए ग्राम की विभिन्न गलियों एवं चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुभाष चौक पहुंचे। यहां ग्राम के सम्माननीय नागरिक पदुमलाल वर्मा एवं भूतपूर्व सरपंच बेनलाल वर्मा के आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बता दे कि कार्यक्रम की शुरुआत महान देशभक्त एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात भूतपूर्व सरपंच बेनलाल वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। पूरा सुभाष चौक देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।
वही इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश वर्मा, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती चंदा देवी वर्मा सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लिया।
ज्ञात हो कि कार्यक्रम में ग्राम के प्रभुदयाल वर्मा, ढेलूराम साहू, पंच पूजा वैष्णव, पंच हेमलता वर्मा, पंच पूर्णिमा वर्मा, संतोष कुमार नायक, दुजेराम यादव, रवि चौबे, सुकलाल कौशल, भुवनेश्वर गोस्वामी, हेमा निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम सिनोधा में सुबह से ही उत्सव एवं देशभक्ति का माहौल रहा। बच्चों की प्रभात फेरी, देशभक्ति गीतों और नारों ने पूरे गांव में राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। ग्रामीणों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने का दिन भी है। ग्राम सिनोधा में स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ का यह आयोजन इसी राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।



