कोहका-नेवरा महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, दीक्षारंभ समारोह संपन्न

नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा सहित अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने किया प्रेरित
तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के विकासखंड तिल्दा नेवरा के सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, कोहका-नेवरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दीक्षारंभ समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की कार्यप्रणाली, महाविद्यालयीन अनुशासन, नियमों तथा शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के विभिन्न अवसरों से परिचित कराना था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा की अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा उपस्थित रहीं। वहीं सांसद प्रतिनिधि रायपुर जिला एवं भाजपा नेता अनिल अग्रवाल तथा सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता राम पंजवानी की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बता दे कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्रकला खुमान वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। स्कूल के अनुशासन से निकलकर अब विद्यार्थी एक ऐसी दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं, जहां उन्हें अपने सपनों को साकार करने की आजादी और अनेक अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को नए मित्र, नए गुरु और सीखने के अनगिनत अवसर मिलेंगे। शुरुआत में नया वातावरण कुछ अलग या कठिन लग सकता है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं वरिष्ठ साथी हर कदम पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए मौजूद हैं।
ज्ञात हो कि अनिल अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवावस्था ऊर्जा और असीम संभावनाओं से भरा दौर है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
भाजपा नेता राम पंजवानी ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा, अनिल अग्रवाल, राम पंजवानी, कोहका सरपंच तेजराम वर्मा, उद्योगपति नीरज अग्रवाल सहित राजेंद्र वर्मा, गौरव अग्रवाल एवं अलख साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एल. वर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम के समन्वयक की भूमिका डॉ. जावेद के. शाह ने निभाई। प्राचार्य डॉ. एम.एल. वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने पर केंद्रित है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ महाविद्यालयीन जीवन का सदुपयोग करने की सीख दी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संगीता बंजारे ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. आशीष कुमार आसटकर ने किया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में नव-प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। दीक्षारंभ समारोह ने नए विद्यार्थियों में महाविद्यालयीन जीवन के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार किया।



