Chhattisgarh NewsLatest NewsSocializetion News

ग्राम मटका में सुंदरकांड पाठ एवं कवि सम्मेलन संपन्न, कवि संतोष कुमार नायक ने दी स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति

तिल्दा-नेवरा/बेमेतरा : बेमेतरा जिले के समीप ग्राम एवं पोस्ट मटका स्थित आदर्श सत्संग आश्रम में आदर्श सत्संग समाज के अध्यक्ष अशोक शर्मा के पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रीरामचरितमानस सुंदरकांड पाठ एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। वही इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अशोक मिश्रा ने की। धार्मिक एवं साहित्यिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे कवियों ने अपनी स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

InShot 20261009 214909411 - InShot 20261009 214909411

बता दे कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान श्रीरामचंद्र जी के छायाचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात दोपहर लगभग 12 बजे से श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ हुआ। श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न सुंदरकांड पाठ से आश्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया। पाठ के पश्चात भोजन अवकाश हुआ और फिर साहित्यिक कार्यक्रम के अंतर्गत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

ज्ञात हो कि कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी मौलिक एवं स्वरचित कविताओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनजीवन और साहित्य के विविध पहलुओं को प्रस्तुत किया। कवियों की रचनाओं ने श्रोताओं को आनंदित किया तथा कार्यक्रम को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर ग्राम सिनोधा, जिला रायपुर से पहुंचे कवि संतोष कुमार नायक ने भी अपनी स्वरचित काव्य रचनाओं का पाठ किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में डॉ. ललित सिंह ठाकुर, बेमेतरा; सरजू राम साहू, तिफरा जिला बिलासपुर; डॉ. रामनारायण नेताम, मनोरमा खपरीकला; संतोष कुमार नायक, सिनोधा जिला रायपुर; डॉ. कृष्ण कुमार वर्मा, केसदा; डॉ. अशोक मिश्रा; कमलेश निषाद, केशली जिला बलौदाबाजार-भाटापारा; एम.आर. ध्रुव, मटका जिला बेमेतरा तथा डॉ. इतवारी निषाद सहित विभिन्न स्थानों से आए कवियों ने सहभागिता की।

आयोजन समिति की ओर से सभी आमंत्रित कवियों को संकटमोचन हनुमान जी की तस्वीर, प्रशस्ति पत्र एवं गमछा भेंटकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से कवियों के साहित्यिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में हिंदू शक्ति मंच के प्रदेश अध्यक्ष तिवारी जी भिलाई से तथा सरदार जी भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। इसके साथ ही ग्राम मटका के नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

धार्मिक अनुष्ठान और साहित्यिक प्रस्तुतियों के संगम से आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति एवं साहित्य के प्रति समर्पण का प्रतीक बना। सुंदरकांड पाठ के माध्यम से जहां भगवान श्रीराम के प्रति भक्ति प्रकट की गई, वहीं कवि सम्मेलन ने साहित्यिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान किया। इस प्रकार पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ साहित्यिक परंपरा को भी सम्मान दिया गया।

Leave a Reply