Accident NewsChhattisgarh NewsLatest News

तिल्दा के वार्ड 14 में हाईवा और ईको कार के बीच फंसा बाइक सवार मौके पर विरेन्द्र वर्मा ने तोड़ा दम


तिल्दा-नेवरा :  नगर के वार्ड क्रमांक 14 में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रेत खाली करने जा रहे हाईवा, सामने से आ रही ईको कार और बाइक सवार के बीच हुई दुर्घटना में वीरेंद्र वर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी मंजर देखकर सन्न रह गए।

IMG 20261104 WA0007 - IMG 20261104 WA0007


मिली जानकारी के अनुसार, तिल्दा निवासी वीरेंद्र वर्मा अपनी पैशन प्रो बाइक से वार्ड क्रमांक 14 की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG04 LN 4404 रेत खाली करने के लिए गली में मुड़ रहा था। बताया जा रहा है कि उसी समय सामने से आ रही ईको कार क्रमांक CG04 NC 4310 की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ईको कार की टक्कर लगने से बाइक सवार उछलकर हाईवा की ओर जा गिरा। इसी दौरान हाईवा आगे बढ़ गया और युवक दोनों वाहनों की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के चलते वीरेंद्र वर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


हादसे के बाद मची अफरा-तफरी :


दुर्घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कुछ ही देर में गली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।


दोनों वाहनों की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस


हादसे में शामिल हाईवा क्रमांक CG04 LN 4404 और ईको कार क्रमांक CG04 NC 4310 के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।वार्ड क्रमांक 14 में हुई इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। वीरेंद्र वर्मा की असमय मौत से नगर में शोक की लहर है।

Leave a Reply