Breaking : अब व्हाट्सएप पर मिलेगी PF खाते की जानकारी EPFO ने शुरू की नई सुविधा

नई दिल्ली : देश के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नौकरीपेशा कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की नई सुविधा शुरू की है। इस पहल से अब कर्मचारियों को अपने पीएफ खाते का बैलेंस, पिछले पांच लेनदेन और पासबुक संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए ईपीएफओ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

बता दे कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने ईपीएफओ की इस नई व्हाट्सएप सेवा की शुरुआत की। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस सुविधा के जरिए सदस्य अपने मोबाइल फोन पर ही पीएफ खाते से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
व्हाट्सएप पर मिलेंगी ये सुविधाएं
ईपीएफओ की नई सेवा के तहत कर्मचारी अपने पीएफ खाते का मौजूदा बैलेंस देख सकेंगे। इसके अलावा पिछले पांच लेनदेन का विवरण और पासबुक से संबंधित जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे कर्मचारियों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस तरह उठा सकते हैं सुविधा का लाभ
इस सेवा का लाभ लेने के लिए सबसे पहले ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट epfindia.gov.in पर जाकर अपने क्षेत्रीय कार्यालय का सत्यापित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर प्राप्त करना होगा। इसके बाद उस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सएप पर ‘Hello’ संदेश भेजकर बातचीत शुरू की जा सकती है। इसके माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
एक लाख निष्क्रिय पीएफ खातों का होगा स्वतः निपटान
इस पहल के साथ ही केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने एक लाख ऐसे निष्क्रिय पीएफ खातों के स्वतः निपटान की सुविधा भी शुरू की है, जिनमें एक हजार रुपये से कम की राशि जमा है। आधार से सत्यापित पात्र खातों में निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईपीएफओ स्वयं निपटान की प्रक्रिया शुरू करेगा। इससे संबंधित सदस्यों को अलग से दावा प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
डिजिटल सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
ईपीएफओ की इस पहल को कर्मचारियों के लिए डिजिटल सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे देशभर के करोड़ों पीएफ खाताधारकों को भविष्य में ऑनलाइन सेवाओं का अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।



