Chhattisgarh NewsLatest News

ब्रेकिंग :मनोहरा शासकीय स्कूल में बदहाली: पानी को तरसे बच्चे, गंदगी से भरे शौचालय

छात्राओं को हो रही परेशानी, शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं; जल्द शौचालय निर्माण की घोषणा

मनोहरा/हथबंद:  विकास और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के दावों के बीच शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोहरा में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। विद्यालय में पढ़ने वाले करीब 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।विद्यालय का हैंडपंप लंबे समय से खराब बताया जा रहा है। इसके चलते बच्चों को घर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई बार विद्यार्थियों को स्कूल में ही पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।वहीं विद्यालय के शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। छात्राओं के लिए बने शौचालयों में गंदगी पसरी हुई है और कुछ दरवाजे भी खराब हैं। नियमित सफाई नहीं होने से दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है, जिसके कारण छात्राओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

inshot 20260826 2011096102192769571928013773 - inshot 20260826 2011096102192769571928013773

बताया गया कि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा पेयजल और शौचालय की समस्या को लेकर संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों में नाराजगी है।हाल ही में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं ग्रामीणों ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां शौचालयों की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

इस मामले में ग्राम मनोहरा की सरपंच चित्रलेखा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास की जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य दीप्ति वर्मा ने जल्द ही विद्यालय में शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की है। इससे विद्यार्थियों और ग्रामीणों को समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में खराब हैंडपंप को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply