नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए प्रभारी-सहप्रभारी

छत्तीसगढ़ भाजपा की संगठनात्मक तैयारी तेज, विभिन्न नगर निगमों और नगर पालिकाओं के लिए जिम्मेदारियां तय
रायपुर: आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से नगरीय निकायों के लिए प्रभारी एवं सहप्रभारियों की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में जारी सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों के नगर निगमों और नगर पालिकाओं के लिए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जानकारी के अनुसार भाजपा द्वारा जारी सूची में रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनांदगांव, कोरिया, उत्तर बस्तर कांकेर, सुकमा और बीजापुर सहित विभिन्न जिलों के नगरीय निकायों को शामिल किया गया है।
सूची के अनुसार रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव सहित अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रभारी और सहप्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसी प्रकार दुर्ग जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, बेमेतरा जिले की नगर पंचायतों, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और राजनांदगांव जिले के नगरीय क्षेत्रों में चुनावी समन्वय एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को दी गई है।
जारी सूची के अनुसार भाजपा संगठन का मानना है कि प्रभारी और सहप्रभारी अपने-अपने आवंटित नगरीय निकाय क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नियुक्त पदाधिकारी बूथ एवं वार्ड स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे और पार्टी की चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य करेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा ने पहले से ही अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। प्रभारी-सहप्रभारियों की नियुक्ति को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। इन पदाधिकारियों की जिम्मेदारी स्थानीय संगठन, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाकर पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत करना होगी।
वही पार्टी सूत्रों के अनुसार, नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार संगठन की स्थिति, स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क अभियान तथा संभावित चुनावी रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रभारी और सहप्रभारी संबंधित क्षेत्रों में नियमित संपर्क एवं समन्वय के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।
भाजपा छत्तीसगढ़ द्वारा जारी इस सूची के बाद नगरीय निकायों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है। पार्टी अब आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियों को और अधिक मजबूत करने में जुट गई है।



